सहारनपुर में कांवड़ियों की थकान का अनोखा इलाज, 21 मशीनों से हो रही फुट मसाज, शिव भक्त बोले- काफी राहत मिली

Saharanpur Kanwar Yatra: हरिद्वार से गंगाजल लेकर सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलने वाले कांवड़ियों की थकान दूर करने के लिए सहारनपुर में खास इंतजाम किया गया है। यहां एक सेवा शिविर में 21 मसाज मशीनें लगाई गई हैं, जिनकी मदद से शिव भक्तों के पैरों की मसाज की जा रही है।

Knews Desk- हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़िये लंबा सफर पैदल तय करते हुए सहारनपुर के रास्ते हरियाणा और पंजाब की ओर बढ़ रहे हैं। लगातार पैदल चलने के कारण कांवड़ियों के पैरों में दर्द, सूजन, नसों में खिंचाव और मांसपेशियों में थकान की समस्या सामने आती है। ऐसे में सहारनपुर में लगाया गया यह विशेष सेवा शिविर कांवड़ियों को काफी राहत दे रहा है।

सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से चिकित्सा सेवा समिति का एक सेवा शिविर लगाया गया है। इस शिविर में कांवड़ियों की थकान दूर करने के लिए 21 मसाज मशीनें लगाई गई हैं। यहां आने वाले शिव भक्तों को मशीनों के जरिए पैरों की मसाज की सुविधा दी जा रही है।

आमतौर पर कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा शिविरों में स्वयंसेवक हाथों से कांवड़ियों के पैर दबाकर उनकी थकान दूर करते हैं। लेकिन इस शिविर में आधुनिक मशीनों की मदद से मसाज की जा रही है, जिससे कांवड़ियों को कम समय में राहत मिल रही है।

तीन तरह की मशीनों से मिल रही राहत

शिविर संचालक दीपक खेड़ा के मुताबिक, पिछले साल करीब 6 मशीनों के साथ इस सेवा की शुरुआत की गई थी। कांवड़ियों और सहयोगियों के उत्साह को देखते हुए इस बार मशीनों की संख्या बढ़ाकर 21 कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि शिविर में तीन अलग-अलग तरह की मशीनें इस्तेमाल की जा रही हैं। कुछ मशीनों में मैग्नेट की सुविधा है, जो पैरों के पंजों और तलवों की मसाज करती हैं। वहीं दूसरी मशीनें पैरों के अलग-अलग हिस्सों पर काम करती हैं और जांघ से लेकर एड़ी तक मसाज की सुविधा देती हैं।

इससे पैरों में दर्द और मांसपेशियों में होने वाली जकड़न से कांवड़ियों को राहत मिलती है। शिविर में जरूरतमंद कांवड़ियों के लिए दवाइयों की भी व्यवस्था की गई है।

शिव भक्तों ने बताया- मशीन से ज्यादा आराम

हरिद्वार से अंबाला की ओर कांवड़ लेकर जा रहे कैलाश ने बताया कि लंबा सफर तय करने के बाद पैरों में काफी दर्द और थकान हो जाती है। उन्होंने कहा कि मशीन से मसाज कराने के बाद पैरों को काफी आराम महसूस हुआ।

उन्होंने बताया कि हाथों से की जाने वाली मसाज की तुलना में मशीन से मसाज कराने पर ज्यादा राहत मिल रही है। कांवड़ियों का कहना है कि यात्रा के दौरान इस तरह की सेवा उनके लिए काफी मददगार साबित हो रही है।

सहारनपुर में लगाए गए इस सेवा शिविर के जरिए न सिर्फ कांवड़ियों की थकान दूर करने की कोशिश की जा रही है, बल्कि उन्हें चिकित्सा सुविधा और जरूरी दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *