India’s Got Latent 2 का चौथा एपिसोड लीक! समय रैना, मुनव्वर और राघव जुयाल की क्लिप्स हुईं वायरल

KNEWS DESK – स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना का चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ एक बार फिर सुर्खियों में है। शो के तीन एपिसोड रिलीज हो चुके हैं और दर्शक चौथे एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन आधिकारिक रिलीज से पहले ही इस एपिसोड की कई क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। इन वीडियो में मुनव्वर फारूकी, राघव जुयाल, रोहन जोशी और निहारिका एनएम नजर आ रहे हैं, जिसके बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।

रिलीज से पहले लीक हुईं कई क्लिप्स

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और स्क्रीनशॉट्स में अपकमिंग एपिसोड की कई झलकियां देखने को मिल रही हैं। वायरल क्लिप्स में समय रैना के साथ पैनल पर मुनव्वर फारूकी, राघव जुयाल, रोहन जोशी और कंटेंट क्रिएटर निहारिका एनएम दिखाई दे रहे हैं। एपिसोड के लीक होने की खबर ने मेकर्स की चिंता भी बढ़ा दी है, वहीं दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।

राघव जुयाल ने समय रैना को किया रोस्ट

लीक हुई एक क्लिप में राघव जुयाल अपने मजाकिया अंदाज में समय रैना की खिंचाई करते नजर आते हैं। वह कहते हैं कि, “इतनी मुश्किलों के बाद भी ये हमेशा हंसता रहता है। पिछले कुछ महीनों में जो इसने झेला, उसके बाद जिस तरह मुनव्वर ने वापसी की है, वो कमाल है।” राघव की इस बात पर समय रैना भी चौंक जाते हैं, जबकि मुनव्वर फारूकी हंसते हुए उनकी तारीफ करते नजर आते हैं। इस मजेदार पल की क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

फिल्म प्रमोशन के दौरान हुई मजेदार नोकझोंक

एक अन्य वायरल वीडियो में राघव जुयाल अपनी आने वाली फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ का प्रमोशन करते दिखाई देते हैं। जैसे ही राघव फिल्म का नाम बताते हैं, समय रैना तुरंत चुटकी लेते हुए कहते हैं, “कितनी बार खुद ही बताना पड़ेगा कि स्टार हो?”

राघव भी मजेदार अंदाज में जवाब देते हैं, “आलिया भट्ट ने भी खुद ही बताया था।” इस पर समय रैना का जवाब आता है, “उसकी भी नहीं चली थी।” दोनों के बीच हुई यह हल्की-फुल्की नोकझोंक सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रही है।

फैंस को रिलीज का इंतजार

एपिसोड की क्लिप्स लीक होने के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार पूरे एपिसोड का इंतजार कर रहे हैं और समय रैना, मुनव्वर फारूकी व राघव जुयाल की कॉमिक केमिस्ट्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का चौथा एपिसोड 31 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि आधिकारिक रिलीज के बाद यह एपिसोड दर्शकों से कैसा रिस्पॉन्स हासिल करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *