Knews Desk- धर्मनगरी चित्रकूट और उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित देवांगना घाटी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। राजस्थान के कोटा में रहकर नीट (NEET) की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा के साथ तीन अज्ञात युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। दरिंदों ने खुद को फॉरेस्ट डिपार्टमेंट का कर्मचारी बताकर दोनों को पहले डराया-धमकाया और फिर विरोध करने पर छात्रा के 17 वर्षीय दोस्त को बेरहमी से पीटकर झाड़ियों में फेंक दिया।
छुट्टियों में घर आई थी छात्रा
पीड़ित छात्रा मूल रूप से मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली है और छुट्टियों में अपने घर आई हुई थी। बीते बुधवार को वह अपने एक 17 वर्षीय परिचित के आमंत्रण पर धर्मनगरी चित्रकूट घूमने पहुंची थी। दोपहर के वक्त जब दोनों देवांगना घाटी की पहाड़ी पर घूमते हुए मोबाइल से रील बना रहे थे, तभी एक ही बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताया और नियम उल्लंघन का झांसा देकर उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
दोस्त को बंधक बनाकर झाड़ियों में फेंका
जब छात्रा के नाबालिग दोस्त ने बदमाशों की इस हरकत का विरोध किया, तो आरोपियों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने बेल्ट से उसकी बर्बरता से पिटाई की और गमछे से उसके हाथ-पैर बांधकर पहाड़ी की सुनसान झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद तीनों आरोपी लाचार छात्रा को जबरन घसीटते हुए और आगे सुनसान इलाके में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
बंधन खोलकर 112 पर दी सूचना
घटना के बाद झाड़ियों में पड़े नाबालिग दोस्त ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और खुद को बंधनों से मुक्त कराया। पहाड़ी पर मोबाइल नेटवर्क मिलते ही उसने तुरंत डायल-112 पर कॉल करके पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक बाइक पर तीन संदिग्ध तेजी से भागते हुए नजर आए हैं।
दो टीमें गठित, एक संदिग्ध हिरासत में
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चित्रकूट पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक (SP) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है, जिससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।