CBSE 12वीं सप्लीमेंट्री प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए गाइडलाइंस जारी, 29 जुलाई से शुरू होंगे एग्जाम; जानें किसे देना होगा प्रैक्टिकल

Knews Desk– केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कक्षा की सप्लीमेंट्री प्रैक्टिकल परीक्षाओं को लेकर विस्तृत गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। बोर्ड के अनुसार, सप्लीमेंट्री प्रैक्टिकल परीक्षाएं 29 जुलाई से 4 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएंगी। जारी निर्देशों में यह स्पष्ट किया गया है कि किन छात्रों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षा अनिवार्य होगी और उन्हें परीक्षा से पहले किन जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा।

CBSE के मुताबिक, सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल होने वाले दो तरह के छात्रों को प्रैक्टिकल परीक्षा देनी होगी। पहली श्रेणी ‘रिपीट प्रैक्टिकल (RP)’ की है। इसमें वे छात्र शामिल हैं जिन्हें किसी विषय में केवल प्रैक्टिकल परीक्षा दोबारा देनी है। ऐसे छात्रों को सिर्फ प्रैक्टिकल एग्जाम देना होगा, जबकि उनके पहले प्राप्त थ्योरी अंक ही मान्य रहेंगे।

दूसरी श्रेणी ‘रिपीट थ्योरी एंड प्रैक्टिकल (RB)’ की है। इस श्रेणी में आने वाले छात्रों को संबंधित विषय में थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों परीक्षाएं दोबारा देनी होंगी।

रेगुलर और प्राइवेट छात्रों के लिए अलग व्यवस्था

बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। रेगुलर छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं उनके अपने स्कूल में आयोजित की जाएंगी, जबकि प्राइवेट छात्रों को उनके निर्धारित परीक्षा केंद्र (Examination Centre) पर प्रैक्टिकल परीक्षा देनी होगी।

27 जुलाई तक स्कूल या परीक्षा केंद्र से करें संपर्क

CBSE ने सभी पात्र छात्रों को सलाह दी है कि वे 27 जुलाई 2026 तक अपने स्कूल या परीक्षा केंद्र से संपर्क कर लें। इससे उन्हें प्रैक्टिकल परीक्षा की तारीख, समय और अन्य आवश्यक जानकारियां समय रहते मिल सकेंगी।

छात्रों को स्कूल या परीक्षा केंद्र जाते समय रिजल्ट, मार्कशीट और एडमिट कार्ड की एक-एक कॉपी अपने साथ ले जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, बोर्ड ने निर्देश दिया है कि छात्र अपनी प्रैक्टिकल परीक्षा की निर्धारित तारीख और समय पहले से नोट कर लें और परीक्षा के दिन समय पर केंद्र पर पहुंचें।

छात्रों के लिए जरूरी सलाह

CBSE ने कहा है कि सभी छात्र बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपने स्कूल या परीक्षा केंद्र से संपर्क बनाए रखें। समय पर पहुंचना और जरूरी दस्तावेज साथ रखना परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए आवश्यक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *