ISRO Internship 2026 का नोटिफिकेशन जारी, जानें योग्यता, आवेदन तिथि और चयन प्रक्रिया

Knews Desk– अंतरिक्ष विज्ञान और नई तकनीकों के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने बड़ा अवसर दिया है. इसरो के विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSSC) ने ISRO Internship 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस इंटर्नशिप के जरिए इंजीनियरिंग, साइंस और रिसर्च से जुड़े छात्रों को इसरो के वैज्ञानिकों के साथ काम करने और अंतरिक्ष अनुसंधान की आधुनिक तकनीकों को करीब से समझने का मौका मिलेगा. यह कार्यक्रम छात्रों को व्यावहारिक अनुभव देने के साथ-साथ उनके तकनीकी कौशल को भी मजबूत करेगा.

इस इंटर्नशिप के लिए केवल भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में नियमित रूप से BE, BTech, ME, MTech, BSc, MSc (फिजिक्स या केमिस्ट्री) या PhD पाठ्यक्रम में अध्ययनरत होना चाहिए. इसके अलावा अभ्यर्थी के पिछले शैक्षणिक रिकॉर्ड में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या 10 प्वाइंट CGPA स्केल पर 6.32 CGPA होना जरूरी है. बीई और बीटेक के छात्रों का कम से कम छठा सेमेस्टर तथा एमई, एमटेक और एमएससी के छात्रों का पहला सेमेस्टर पूरा होना चाहिए. वहीं, 14 फरवरी 2025 के बाद अपना कोर्स पूरा करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन के पात्र होंगे. हालांकि, किसी भी छात्र को अपनी एक डिग्री के दौरान केवल एक बार ही इस इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा.इंटर्नशिप की अवधि 21 से 45 दिन के बीच होगी. यह पूरी तरह प्रशिक्षण आधारित कार्यक्रम है, इसलिए चयनित छात्रों को किसी प्रकार का स्टाइपेंड या आर्थिक सहायता नहीं दी जाएगी. हालांकि, इस दौरान छात्रों को इसरो की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर मिलेगा. इससे उन्हें स्पेस टेक्नोलॉजी, रिसर्च और वैज्ञानिक कार्यप्रणाली को व्यावहारिक रूप से समझने का अनुभव मिलेगा, जो भविष्य में उच्च शिक्षा और करियर के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है.

उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता, उपलब्ध सीटों और संबंधित विभाग की आवश्यकता के आधार पर किया जाएगा. चयनित छात्रों को ई-मेल के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी. आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 सुबह 10 बजे से शुरू होगी और 14 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक चलेगी. इंटर्नशिप का आयोजन 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 के बीच किया जाएगा. आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी मार्कशीट, तकनीकी कौशल, प्रोजेक्ट विवरण और कॉलेज से जारी अनुमति पत्र को 5 MB तक की एक PDF फाइल में अपलोड करना होगा.ISRO VSSC Internship 2026 उन छात्रों के लिए एक बेहतरीन अवसर है जो अंतरिक्ष अनुसंधान, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग और वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में भविष्य बनाना चाहते हैं. इसरो जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में काम करने का अनुभव न केवल उनके ज्ञान और कौशल को बढ़ाएगा, बल्कि भविष्य में रिसर्च, उच्च शिक्षा और तकनीकी करियर के नए अवसर भी खोलेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *