‘3 Idiots’ की री-रिलीज पर लगा फुल स्टॉप, विधु विनोद चोपड़ा ने बताया वायरल खबरों का सच

Knews Desk– आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘3 Idiots’ की दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होने की खबरों ने पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी यह ब्लॉकबस्टर फिल्म 4 सितंबर को री-रिलीज की जाएगी। इन खबरों के बाद फिल्म के प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला, लेकिन अब निर्माता विधु विनोद चोपड़ा ने इन सभी दावों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है। उन्होंने साफ किया है कि फिलहाल फिल्म को दोबारा रिलीज करने की कोई योजना नहीं है।

विधु विनोद चोपड़ा फिल्म्स की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि ‘3 Idiots’ की री-रिलीज से जुड़ी सभी खबरें तथ्यहीन और फर्जी हैं। प्रोडक्शन हाउस ने मीडिया संस्थानों और दर्शकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही बिना पुष्टि की गई खबरों को साझा करने से बचने की भी सलाह दी गई, ताकि दर्शकों के बीच किसी तरह की गलतफहमी न फैले।दरअसल, हाल ही में कई मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया था कि फिल्म को उसकी लोकप्रियता को देखते हुए फिर से बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा। पिछले कुछ वर्षों में कई क्लासिक हिंदी फिल्मों की सफल री-रिलीज के बाद यह चर्चा और तेज हो गई थी। इसी वजह से ‘3 Idiots’ के फैंस भी इसे सिनेमाघरों में दोबारा देखने की उम्मीद लगाए बैठे थे। हालांकि निर्माता के आधिकारिक बयान के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि ऐसी कोई योजना फिलहाल नहीं है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ‘3 Idiots’ एक अलग वजह से भी चर्चा में रही थी। सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक से फिल्म की कहानी को जोड़कर कई तरह की बातें कही जा रही थीं। इस पर आमिर खान ने स्पष्ट किया था कि फिल्म किसी एक व्यक्ति की जीवन कहानी पर आधारित नहीं है। उनके इस बयान के बाद फिल्म फिर से चर्चा में आ गई थी और इसी दौरान री-रिलीज की अफवाहों ने भी जोर पकड़ लिया।साल 2009 में रिलीज हुई ‘3 Idiots’ भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में गिनी जाती है। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण विधु विनोद चोपड़ा ने किया था। फिल्म में आमिर खान, आर. माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर खान, बोमन ईरानी, मोना सिंह और ओमी वैद्य जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। इंजीनियरिंग शिक्षा व्यवस्था, दोस्ती, सपनों और जीवन के नजरिए पर आधारित इस फिल्म ने दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों का भी दिल जीता था।

रिलीज के समय ‘3 Idiots’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड बनाए थे और उस दौर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हो गई थी। फिल्म के संवाद, गाने और किरदार आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। यही वजह है कि इसकी री-रिलीज की खबरों ने लोगों का ध्यान खींचा था।वहीं, फिल्म के सीक्वल को लेकर समय-समय पर चर्चाएं जरूर होती रही हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ‘3 Idiots 2’ पर शुरुआती स्तर पर काम चल रहा है, लेकिन अब तक न तो निर्माता और न ही निर्देशक की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा की गई है। ऐसे में फिलहाल दर्शकों को फिल्म की री-रिलीज या सीक्वल से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *