जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में संसद परिसर में तीसरे दिन भी बैठे भीम आर्मी प्रमुख, कहा- ताकतवर से ताकतवर व्यक्ति को भी जवाब देना होगा।
Knews Desk- दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बावजूद भीम आर्मी प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद का धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में वह संसद परिसर में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठे हैं।
चंद्रशेखर आजाद ने बारिश के बीच धरने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि बारिश की हर बूंद मंजूर है, लेकिन निर्दोष लोगों के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन्होंने गलत किया है, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों और उनके पीछे कितनी भी बड़ी ताकत क्यों न हो, उन्हें जवाब देना ही होगा।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “महापुरुषों के विचार ही मेरे संघर्ष की ताकत हैं।” आजाद ने कहा कि उनका आंदोलन लोकतांत्रिक मूल्यों और न्याय की मांग को लेकर जारी रहेगा।
‘लोकतंत्र में आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार’
धरने पर बैठने के बाद चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद दुखद और चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है। अगर इस अधिकार का जवाब लाठी और बल प्रयोग से दिया जाता है, तो यह सिर्फ प्रदर्शनकारियों पर नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी चोट है।
आजाद ने कहा कि वह बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा के नीचे न्याय की मांग को लेकर बैठे हैं और जब तक इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।