दिल्ली-NCR में मानसून की वापसी, कई इलाकों में बरसे बादल; अगले एक हफ्ते तक बारिश के आसार

Knews Desk- दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मंगलवार देर रात कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 26 जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर में लगभग रोजाना बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और धूप निकलने के कम ही आसार हैं। बारिश और बादलों की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है।

भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने 21 जुलाई की रात से 22 जुलाई की सुबह तक दिल्ली के कुछ इलाकों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

बता दें कि इससे पहले 10 जुलाई को दिल्ली में भारी बारिश दर्ज की गई थी। इसके बाद कुछ दिनों तक मौसम साफ रहा और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। अब दोबारा बारिश शुरू होने से मौसम सुहावना हो गया है।

26 जुलाई तक छाए रहेंगे बादल, तापमान में आएगी गिरावट

स्काईमेट के अनुसार, अगले कई दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादलों का असर बना रहेगा। दिन के समय धूप कम निकलने के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। 21 से 26 जुलाई के बीच अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बारिश के साथ जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी संभव

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा सड़कों पर ट्रैफिक जाम और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका भी जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

बारिश से दिल्ली का मौसम हुआ खुशनुमा

बारिश के बाद दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। तापमान में कमी आने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। रविवार को सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा था। वहीं, पिछले 24 घंटों में सफदरजंग इलाके में 5.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *