KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नेता’ आखिरकार लंबे इंतजार के बाद सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म की रिलीज में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन इससे पहले ही बॉक्स ऑफिस पर इसका असर देखने को मिल रहा है। एडवांस बुकिंग के आंकड़े बता रहे हैं कि विजय के फैंस उनकी आखिरी फिल्म को खास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘जन नेता’ ने एडवांस बुकिंग के जरिए करीब 10.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। वहीं फिल्म के अब तक लाखों टिकट बिक चुके हैं। रिलीज से पहले ही जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उसे देखकर ट्रेड पंडितों के बीच चर्चा शुरू हो गई है कि क्या यह फिल्म ओपनिंग डे पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर पाएगी।
बता दें कि ‘जन नेता’ की रिलीज में काफी देरी हुई है। फिल्म को पहले जनवरी में रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट से जुड़े कारणों और अन्य वजहों से इसकी रिलीज कई बार टलती रही। अब करीब 7 महीने के इंतजार के बाद फिल्म दर्शकों के सामने आने वाली है।
इस फिल्म को लेकर उत्साह की एक बड़ी वजह यह भी है कि यह थलपति विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म बताई जा रही है। विजय ने राजनीति में कदम रखने के बाद ऐलान किया था कि वह आगे फिल्मों से दूरी बनाएंगे और जनता की सेवा पर ध्यान देंगे। इसी वजह से फैंस इस फिल्म को उनके लिए एक यादगार विदाई के तौर पर देख रहे हैं।
एच विनोथ के निर्देशन में बनी ‘जन नेता’ 23 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज होगी। यह एक पैन इंडिया फिल्म है, जिसे पांच भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में विजय के साथ ममिता बैजू, बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, प्रकाश राज, गौतम वासुदेव मेनन और प्रियामणि जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
अब सभी की नजरें फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं कि क्या थलपति विजय की आखिरी फिल्म एक नया रिकॉर्ड बनाने में कामयाब होती है।