देवभूमि को पेपर लीक का epicentre….. देहरादून में राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार पर हमला

Knews Desk- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचेंगे। यहां वह कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और युवाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए अपने देहरादून दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने उत्तराखंड में सामने आए पेपर लीक मामलों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि देवभूमि को पेपर लीक का केंद्र बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं सिर्फ परीक्षा व्यवस्था की समस्या नहीं हैं, बल्कि यह लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।

कांग्रेस नेता ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षाओं का जिक्र करते हुए भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी व्यवस्था बन गई है, जिसमें मेहनत और योग्यता के बजाय गलत तरीकों से लोग अवसर हासिल कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने नकल रोकने के लिए सख्त कानून बनाने का दावा किया, लेकिन इसके बावजूद पेपर लीक की घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी।

उन्होंने कहा कि एक छात्र वर्षों तक मेहनत करता है, पढ़ाई करता है, परीक्षा फॉर्म भरता है, फीस जमा करता है और परीक्षा केंद्र तक पहुंचता है। लेकिन जब पेपर लीक जैसी घटना होती है तो उसकी मेहनत, समय और उम्मीदों को बड़ा नुकसान पहुंचता है। राहुल गांधी ने इसे युवाओं के अधिकार, रोजगार और भविष्य के साथ अन्याय बताया।

राहुल गांधी ने उत्तराखंड के छात्रों और अभ्यर्थियों से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को मजबूती देने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि युवाओं के भविष्य को नीलाम नहीं होने दिया जाएगा और उनके सपनों को लीक नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस की ओर से दावा किया गया है कि इस अभियान को छात्रों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। पार्टी के अनुसार, बड़ी संख्या में युवाओं ने कार्यक्रम से जुड़ने के लिए पंजीकरण कराया है। कांग्रेस का कहना है कि इस मंच के जरिए छात्रों की समस्याओं, भर्ती प्रक्रिया में सुधार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

‘छात्रों की गूंज’ राहुल गांधी के उस अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत वह देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद कर रहे हैं। इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा से हुई थी, जहां उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से मुलाकात की थी। राहुल गांधी लगातार पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर सवाल उठाते रहे हैं। वहीं कांग्रेस का कहना है कि देहरादून का यह कार्यक्रम युवाओं की समस्याओं को सामने लाने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूत करने का प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *