शहनाज गिल ने राघव जुयाल संग रिश्ते की खबरों पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- ‘वो मेरा बहुत…’

KNEWS DESK – पंजाबी इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं शहनाज गिल इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। एक्ट्रेस का नाम लगातार अभिनेता और डांसर राघव जुयाल के साथ जोड़ा जा रहा है। हाल ही में दोनों को एक पार्टी के बाद साथ देखा गया था, जिसके बाद एक बार फिर उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। अब शहनाज गिल ने खुद इन खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

राघव जुयाल के साथ वायरल हुई थीं तस्वीरें

दरअसल, राघव जुयाल के जन्मदिन से एक दिन पहले हुई पार्टी के बाद शहनाज गिल को उनका हाथ पकड़कर बाहर निकलते हुए देखा गया था। इस दौरान दोनों के साथ आर्यन खान भी मौजूद थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर शहनाज और राघव की डेटिंग की खबरों ने जोर पकड़ लिया।

हालांकि, दोनों पहले भी एक-दूसरे को अच्छा दोस्त बता चुके हैं। शहनाज और राघव फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में साथ काम कर चुके हैं। इस फिल्म के दौरान भी सलमान खान ने दोनों की बॉन्डिंग को लेकर बात की थी।

राघव की फिल्म को प्रमोट करती दिखीं शहनाज

इन चर्चाओं के बीच शहनाज गिल ने राघव जुयाल की अपकमिंग फिल्म को सपोर्ट किया। एक इंटरव्यू के दौरान जब उनसे राघव के साथ रिश्ते को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने निजी सवालों पर ज्यादा बात करने से इनकार कर दिया।

शहनाज ने कहा, “मेरे दोस्त की फिल्म आ रही है। भाई, तेरा स्टार है, आप प्लीज उसको सपोर्ट करो। वो मेरा बहुत अच्छा दोस्त है, उसकी फिल्म चलना बहुत जरूरी है।”

इस दौरान शहनाज ने कई बार राघव को अपना दोस्त बताया और रिश्ते की खबरों पर कोई पुष्टि नहीं की।

‘राघव इंडस्ट्री से नहीं हैं, उन्होंने खुद नाम बनाया है’

राघव जुयाल के करियर की तारीफ करते हुए शहनाज ने फैंस से उनकी फिल्म देखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि राघव पहली बार किसी फिल्म में लीड एक्टर के तौर पर नजर आ रहे हैं और उन्होंने अपनी मेहनत से इंडस्ट्री में जगह बनाई है।

शहनाज ने कहा कि राघव को सपोर्ट किया जाना चाहिए क्योंकि उन्होंने बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के अपनी पहचान बनाई है।

बता दें कि शहनाज गिल का नाम इससे पहले भी कई बार सुर्खियों में रहा है। आईपीएल सीजन के दौरान उनका नाम क्रिकेटर देवदत्त पडिक्कल के साथ भी जोड़ा गया था। हालांकि, शहनाज ने उस वक्त भी इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *