KNEWS DESK- सावन का महीना आते ही मिठाइयों की दुकानों पर घेवर की मांग बढ़ जाती है। अपनी खास जालीदार बनावट, हल्के कुरकुरेपन और स्वादिष्ट मिठास के कारण घेवर हर किसी को पसंद आता है। खासकर सावन के त्योहारों में इसे खाने की परंपरा रही है।

अगर आप भी बाजार से घेवर खरीदने के बजाय इसे घर पर बनाना चाहते हैं तो यह काफी आसान है। सही सामग्री और कुछ आसान टिप्स की मदद से आप घर पर ही स्वादिष्ट और परफेक्ट घेवर तैयार कर सकते हैं।
घेवर बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 2 कप मैदा
- आधा कप घी
- 4-5 बर्फ के टुकड़े
- 2 से 2½ कप ठंडा पानी
- 1 कप ठंडा दूध
- 1 चुटकी बेकिंग पाउडर
- 1 लीटर घी या रिफाइंड तेल (तलने के लिए)
सजावट के लिए सामग्री
- रबड़ी
- बादाम
- पिस्ता
- चांदी का वर्क
चाश्नी बनाने के लिए सामग्री
- 1½ कप चीनी
- 1 कप पानी
- 4-5 इलायची
- कुछ केसर के धागे
घर पर घेवर बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में घी और बर्फ के टुकड़े डालकर अच्छी तरह फेंट लें। घी जब हल्का और क्रीमी नजर आने लगे, तब इसमें धीरे-धीरे मैदा मिलाएं।
- अब इस मिश्रण में ठंडा पानी और दूध डालते हुए पतला बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि बैटर में कोई गांठ न रहे और इसकी कंसिस्टेंसी इतनी पतली हो कि यह आसानी से बह सके।
- इसके बाद एक गहरे और मोटे तले वाले बर्तन में घी या तेल गर्म करें। जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए तो एक कलछी की मदद से बैटर को थोड़ी ऊंचाई से तेल में डालें।
- हर 10 से 15 सेकंड के अंतराल पर थोड़ा-थोड़ा बैटर डालते रहें। ऐसा 5-6 बार करने के बाद घेवर की जालीदार परत तैयार होने लगेगी। बीच में चम्मच की मदद से हल्का सा छेद बना दें, ताकि घेवर अंदर तक अच्छी तरह पक सके।
- जब घेवर सुनहरा और कुरकुरा हो जाए तो उसे सावधानी से तेल से निकाल लें।
ऐसे तैयार करें घेवर की चाश्नी
चाश्नी बनाने के लिए एक पैन में पानी और चीनी डालकर गर्म करें। इसे तब तक पकाएं जब तक एक तार की चाश्नी तैयार न हो जाए। इसके बाद इसमें इलायची और केसर डालकर स्वाद बढ़ाएं। तैयार चाश्नी में घेवर को हल्का डुबोएं और ऊपर से भी थोड़ी चाश्नी डालें।
आखिरी स्टेप में करें सजावट

घेवर तैयार होने के बाद इसके ऊपर रबड़ी डालें। फिर कटे हुए बादाम, पिस्ता और चांदी के वर्क से इसे सजाएं। ठंडा-ठंडा सर्व किया गया घेवर स्वाद में और भी शानदार लगता है। सावन के मौके पर आप इस पारंपरिक मिठाई को घर पर बनाकर परिवार के साथ इसका आनंद ले सकते हैं।
घेवर बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
रबड़ी और ड्राई फ्रूट्स सर्व करने से ठीक पहले डालें, ताकि स्वाद और ताजगी बनी रहे। बैटर हमेशा पतला रखें, तभी घेवर में जालीदार टेक्सचर आएगा। तेल या घी अच्छी तरह गर्म होना चाहिए। बैटर डालते समय थोड़ी ऊंचाई रखें, इससे घेवर की परतें अच्छी बनती हैं।