Knews Desk- अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा है कि हादसे से जुड़े कुछ बेहद संवेदनशील दस्तावेजों को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। इनमें कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग (CVR), विमान के अंदर की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और पायलटों के बीच हुई बातचीत भी शामिल है।
AAIB ने बताया कि मौजूदा कानून के तहत जांच के दौरान जुटाए गए इन रिकॉर्ड्स को आम लोगों या किसी बाहरी संस्था के साथ साझा करने की अनुमति नहीं है। ब्यूरो के मुताबिक, जांच का उद्देश्य हादसे के कारणों का पता लगाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय तैयार करना है, न कि किसी व्यक्ति को दोषी ठहराना।
कानून के तहत गोपनीय रहेंगी रिकॉर्डिंग
AAIB ने अपने हलफनामे में कहा कि विमान दुर्घटना जांच नियम, 2025 के नियम 17(5) के अनुसार कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग और विमान के भीतर की अन्य रिकॉर्डिंग सार्वजनिक नहीं की जा सकतीं।
ब्यूरो का कहना है कि अगर पायलट, क्रू सदस्य, एयरलाइन कर्मचारी या अन्य गवाहों को यह डर रहेगा कि उनके बयान और बातचीत सार्वजनिक हो सकती है, तो वे जांच में पूरी जानकारी देने से बच सकते हैं। इससे दुर्घटना की सही वजह सामने लाने में परेशानी आ सकती है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार चल रही जांच
AAIB ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि अहमदाबाद विमान हादसे की जांच अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के एनेक्स-13 और शिकागो कन्वेंशन के नियमों के अनुसार की जा रही है। इस प्रक्रिया में विमान निर्माता कंपनी, एयरलाइन और संबंधित देशों की एजेंसियां भी शामिल हैं।
जांच एजेंसी ने कहा कि हादसे की जांच का मकसद किसी पायलट या किसी अन्य व्यक्ति पर आरोप तय करना नहीं है, बल्कि दुर्घटना के पीछे की तकनीकी, मानवीय या अन्य वजहों को समझना है, ताकि भविष्य में विमानन सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
अक्टूबर 2026 तक आ सकती है ड्राफ्ट रिपोर्ट
हलफनामे के मुताबिक जांच से जुड़े बाकी काम अगले कुछ हफ्तों में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद सभी तथ्यों और सबूतों का विश्लेषण किया जाएगा। AAIB ने बताया कि ड्राफ्ट फाइनल रिपोर्ट अक्टूबर 2026 तक तैयार होने की संभावना है।
यह हलफनामा उन याचिकाओं के जवाब में दाखिल किया गया है, जिन्हें हादसे में जान गंवाने वाले पायलट कैप्टन सुमीत सभरवाल के पिता पुष्कराज सभरवाल, फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स और सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन ने दायर किया था।
क्या हुआ था अहमदाबाद विमान हादसे में?
12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
इस हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 यात्रियों और क्रू सदस्यों की मौत हो गई थी। इसके अलावा जमीन पर मौजूद 19 लोगों की भी जान चली गई थी। कुल 260 मौतों के साथ यह भारत के सबसे दर्दनाक विमान हादसों में शामिल हो गया।