KNEWS DESK- पुरानी दिल्ली की गलियों में मिलने वाली दौलत की चाट अपने अनोखे स्वाद और मुलायम बनावट के लिए दुनियाभर में मशहूर है। सर्दियों के मौसम में मिलने वाली यह खास मिठाई मुंह में जाते ही घुल जाती है। इसे कई जगह मलाई माखन या निमिश के नाम से भी जाना जाता है।

दौलत की चाट को पारंपरिक तरीके से बनाने के लिए दूध को रातभर ठंडी हवा और ओस में रखा जाता है, जिससे इसमें हल्का और फूला हुआ झाग तैयार होता है। हालांकि, कुछ आसान तरीकों को अपनाकर आप घर पर भी इसका स्वाद ले सकते हैं।
दौलत की चाट बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 500 मिली फुल फैट दूध
- 200 मिली फ्रेश क्रीम
- 3 चम्मच पिसी हुई चीनी
- 1 चम्मच इलायची पाउडर
- 4-5 केसर के धागे
- 2 चम्मच बारीक कटे पिस्ता
- 2 चम्मच कटे बादाम
- थोड़ा सा चांदी का वर्क
घर पर दौलत की चाट बनाने की विधि
सबसे पहले एक पैन में दूध डालकर धीमी आंच पर पकाएं। दूध को तब तक उबालें जब तक वह लगभग आधा न रह जाए। इसके बाद दूध को पूरी तरह ठंडा होने दें।
अब ठंडे दूध में फ्रेश क्रीम, पिसी हुई चीनी, इलायची पाउडर और केसर वाला दूध डालकर अच्छी तरह मिला लें।
इस मिश्रण को अच्छी तरह फेंटें। अगर आपके पास इलेक्ट्रिक बीटर है तो उसका इस्तेमाल करें, इससे दौलत की चाट में ज्यादा हल्का और मुलायम झाग तैयार होगा।
अब इस मिश्रण को ढककर करीब 8 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। सर्दियों के मौसम में इसे रातभर ठंडी जगह पर भी रखा जा सकता है, जिससे इसका स्वाद और टेक्सचर बेहतर हो जाता है।
ठंडा होने के बाद मिश्रण को एक बार फिर करीब 10 मिनट तक फेंटें, जब तक यह पूरी तरह हल्का और झागदार न हो जाए।
तैयार दौलत की चाट को कटोरी में निकालें और ऊपर से पिस्ता, बादाम, केसर, गुलाब की पंखुड़ियां और चांदी का वर्क डालकर सजाएं।
स्वाद बढ़ाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- दौलत की चाट के लिए हमेशा फुल फैट दूध का इस्तेमाल करें।
- ड्राई फ्रूट्स को सर्व करने से ठीक पहले डालें, इससे उनका कुरकुरापन बना रहेगा।
- ज्यादा अच्छे झाग के लिए मिश्रण को अच्छी तरह फेंटना जरूरी है।
- इसे ठंडा-ठंडा परोसने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।

अब पुरानी दिल्ली की मशहूर दौलत की चाट का आनंद आप घर बैठे भी ले सकते हैं। थोड़ी मेहनत और सही तरीके से तैयार की गई यह मिठाई त्योहारों और खास मौकों के लिए भी बेहतरीन विकल्प है।