KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने रियल एस्टेट में एक बड़ा निवेश किया है। अभिनेता ने महाराष्ट्र के पुणे जिले की मुलशी तालुका में करीब 25.7 एकड़ जमीन खरीदी है। इस जमीन की कीमत करीब 16.42 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, रणबीर कपूर ने यह जमीन पुणे के पिंपरी गांव में खरीदी है। इस सौदे में खेती की जमीन के चार जुड़े हुए प्लॉट शामिल हैं।
चार प्लॉट की हुई रजिस्ट्री
रिपोर्ट्स के अनुसार, रणबीर कपूर ने यह प्रॉपर्टी श्रीराम लूथरा, नवीन श्रीराम लूथरा और माला उमेश मेहता से खरीदी है। चारों प्लॉट की रजिस्ट्री 30 अप्रैल 2026 को कराई गई।
इन चारों प्लॉट का कुल क्षेत्रफल करीब 1,04,000 स्क्वायर मीटर यानी लगभग 25.7 एकड़ है।
इनमें सबसे बड़ा प्लॉट 43,800 स्क्वायर मीटर का है, जिसकी कीमत करीब 7.08 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा 29,900 स्क्वायर मीटर का प्लॉट 4.62 करोड़ रुपये, 21,400 स्क्वायर मीटर का प्लॉट 3.32 करोड़ रुपये और 8,900 स्क्वायर मीटर का प्लॉट 1.40 करोड़ रुपये में खरीदा गया है।
इस पूरी डील के लिए रणबीर कपूर ने करीब 82.13 लाख रुपये स्टांप ड्यूटी के तौर पर चुकाए हैं।
अयोध्या में भी खरीदी थी जमीन
रणबीर कपूर लगातार प्रॉपर्टी में निवेश कर रहे हैं। इससे पहले मई 2026 में उन्होंने अयोध्या में भी जमीन खरीदी थी।
उन्होंने अयोध्या के द सरयू प्रोजेक्ट में करीब 2,134 स्क्वायर फीट जमीन खरीदी थी, जिसकी कीमत करीब 3.31 करोड़ रुपये बताई गई थी। यह प्रोजेक्ट सरयू नदी के किनारे विकसित किया जा रहा है, जिसमें लग्जरी होटल भी शामिल है।
वास्तु अपार्टमेंट को किराए पर दिया
रणबीर कपूर अब अपने नए बने कृष्णा राज बंगले में परिवार के साथ रह रहे हैं। इससे पहले वह मुंबई की वास्तु बिल्डिंग में रहते थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणबीर ने वास्तु स्थित अपने अपार्टमेंट को पांच साल के लिए किराए पर दे दिया है। यह 2,460 स्क्वायर फीट का अपार्टमेंट है, जिसे उन्होंने साल 2016 में करीब 35 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस घर का इंटीरियर डिजाइन गौरी खान ने किया था।
वर्क फ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर जल्द ही फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ में नजर आएंगे। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म दिवाली पर रिलीज होने वाली है और इसे भारत की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है।