KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। ‘हीरो नंबर 1’ के नाम से मशहूर गोविंदा ने अपनी नई फिल्म ‘रूपा’ का ऐलान कर दिया है। लंबे समय बाद उन्हें सिल्वर स्क्रीन पर देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं।
इस फिल्म में गोविंदा के साथ नई एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार नजर आएंगी। खास बात यह है कि गोविंदा इस फिल्म से बतौर अभिनेता ही नहीं, बल्कि निर्माता के तौर पर भी जुड़े हुए हैं।
‘रूपा’ को लेकर गोविंदा ने कही बड़ी बात
फिल्म की अनाउंसमेंट के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोविंदा ने अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर कई बातें शेयर कीं।
अपनी फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि अब वह पूरी तरह तैयार हैं और दर्शक जल्द ही पूरी कास्ट को देख पाएंगे। उन्होंने बताया कि ‘रूपा’ एक अलग तरह की फिल्म होगी, खासकर युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है।
गोविंदा ने कहा कि आज कई युवा अपने सपनों की शुरुआत तो करते हैं, लेकिन कई बार रास्ता भटक जाते हैं। फिल्म में इसी तरह के पहलुओं को दिखाने की कोशिश की जाएगी।
बोले- मुझे किसी चीज से डर नहीं लगता
गोविंदा ने अपने अंदाज में कहा कि जब भी वह फिल्मों में नजर आते हैं तो लोग हैरान हो जाते हैं कि वह अचानक कहां से आ गए।
उन्होंने कहा कि वह सच्चाई से दूर नहीं भागते और उन्हें किसी चीज से डर नहीं लगता। गोविंदा ने यह भी कहा कि कई बार वह जो महसूस करते हैं, उसे खुलकर बोल देते हैं, लेकिन लोग उनकी बातों पर भरोसा नहीं करते।
7 साल बाद होगी पर्दे पर वापसी
गोविंदा आखिरी बार साल 2019 में फिल्म ‘रंगीला राजा’ में नजर आए थे। इस फिल्म में उन्होंने डबल रोल निभाया था, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पाई थी।
इसके बाद वह 2022 में डॉक्यूमेंट्री ‘Naam Tha Kanhaiyalal’ में दिखाई दिए थे। फिल्मों की बात करें तो गोविंदा ने ‘फ्राइडे’, ‘आ गया हीरो’, ‘हे ब्रो’, ‘हैप्पी एंडिंग’, ‘किल दिल’, ‘दीवाना मैं दीवाना’ और ‘दिल्ली सफारी’ जैसी फिल्मों में काम किया है।
गोविंदा के परिवार से भी जल्द नए कलाकार बॉलीवुड में कदम रखने वाले हैं। उनकी पत्नी सुनीता आहूजा और बेटे यशवर्धन आहूजा भी फिल्मों में डेब्यू करने की तैयारी में हैं। दोनों एकता कपूर के प्रोजेक्ट्स से जुड़े नजर आएंगे।