जम्मू-कश्मीर के रामबन में अमरनाथ यात्रियों की बसों की टक्कर, 18 श्रद्धालु घायल

KNEWS DESK- जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर अमरनाथ यात्रा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के काफिले में शामिल दो बसें आपस में टकरा गईं। हादसा इतना भीषण था कि इसकी चपेट में एक कार भी आ गई, जिससे वह भी क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना सुबह करीब 7:20 बजे रामबन जिले के चंदेरकोट लंगर पॉइंट के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव दल सक्रिय हो गए।

इस हादसे में कुल 18 अमरनाथ यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत कार्य में पुलिस और प्रशासन की टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। रामबन के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अलयास खान ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा जेकेआरटीसी (JKRTC) की दो बसों के आपस में टकराने के कारण हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि पास चल रही एक कार भी इसकी चपेट में आ गई।

सुबह के समय हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया था। हालांकि राहत एवं बचाव टीमों की तत्परता के चलते सभी घायलों को समय पर सहायता मिल सकी। प्रशासन की ओर से हादसे की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *