पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों का दम, 1000 KM से ज्यादा चलेगी ये हाइब्रिड SUV; दिवाली पर होगी एंट्री

KNEWS DESK- भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में जल्द ही एक ऐसी SUV आने वाली है, जो पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों की ताकत के साथ ग्राहकों को लंबी दूरी का सफर कराएगी। JSW Motors और चीन की ऑटो कंपनी Chery की साझेदारी में Jetour T2 Plug-in Hybrid SUV को भारत में लॉन्च करने की तैयारी चल रही है। खास बात यह है कि यह SUV एक बार फुल टैंक और फुल चार्ज होने के बाद 1000 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करने का दावा करती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Jetour T2 को दिवाली 2026 के आसपास भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है। यह भारत में Jetour ब्रांड का पहला मॉडल होगा। कंपनी इसे उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश करेगी, जो इलेक्ट्रिक कार की बचत और पेट्रोल कार की लंबी रेंज दोनों का फायदा एक ही वाहन में चाहते हैं।

Jetour T2 की असेंबली महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित JSW Motors के नए प्लांट में की जाएगी। शुरुआत में इस SUV को 5-सीटर कॉन्फिगरेशन के साथ लॉन्च किया जा सकता है। इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत 35 लाख रुपये से 45 लाख रुपये के बीच हो सकती है।

प्रीमियम SUV सेगमेंट में Jetour T2 का मुकाबला सीधे तौर पर किसी एक कार से नहीं होगा, लेकिन इसकी कीमत के हिसाब से यह Mahindra XUV 7XO, Tata Safari, Skoda Kodiaq, Jeep Meridian और Volkswagen Tayron जैसी गाड़ियों को टक्कर दे सकती है।

Jetour T2 में प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम दिया जाएगा। इसमें 1.5 लीटर टर्बो GDi पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर और 26.7kWh LFP बैटरी पैक मिलेगा। यह पावरट्रेन मिलकर 381 bhp की पावर, 610 Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम होगा।कंपनी के अनुसार, यह SUV महज 7 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं इसकी टॉप स्पीड करीब 197 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।

Jetour T2 की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी रेंज है। यह SUV इलेक्ट्रिक मोड में सिर्फ बैटरी के सहारे करीब 139 किलोमीटर तक चल सकती है। वहीं पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों के इस्तेमाल से इसकी कुल ड्राइविंग रेंज 1000 किलोमीटर से ज्यादा होने का दावा किया गया है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को बार-बार चार्जिंग स्टेशन या पेट्रोल पंप पर रुकने की परेशानी कम हो सकती है।

चार्जिंग के लिए Jetour T2 में AC और DC दोनों फास्ट चार्जिंग विकल्प मिलेंगे। AC चार्जर से बैटरी 30% से 100% तक चार्ज होने में 4 घंटे से कम समय लगेगा। DC फास्ट चार्जर से बैटरी 30% से 80% तक करीब 30 मिनट में चार्ज हो सकेगी।

भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है, लेकिन लंबी दूरी और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कई ग्राहक अभी भी हाइब्रिड कारों को बेहतर विकल्प मानते हैं। ऐसे में Jetour T2 जैसी प्लग-इन हाइब्रिड SUV भारतीय बाजार में एक नया विकल्प बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *