Knews Desk- कानपुर के पनकी इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात ने पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने पनकी थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक रिटायर्ड बैंक शाखा प्रबंधक के बंद मकान को निशाना बनाया। पड़ोसी के घर की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए चोरों ने नकदी और लाखों रुपये के जेवर समेत करीब 60 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पनकी सी ब्लॉक निवासी संतोष शर्मा भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से शाखा प्रबंधक पद से रिटायर हुए हैं। वह अपनी पत्नी सुमन के साथ यहां रहते हैं। उनके बच्चे अलग-अलग शहरों और विदेशों में रहते हैं। उनकी बेटियां प्रज्ञा और प्रियंका व बेटा पीयूष अमेरिका में नौकरी करते हैं, जबकि दूसरा बेटा अरुण मुंबई में शिपिंग कारोबार करता है।

जानकारी के मुताबिक, संतोष शर्मा अपनी पत्नी के साथ 17 जून को जबलपुर में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। इसके बाद दोनों मुंबई में अपने बेटे के घर चले गए। घर की देखभाल और साफ-सफाई के लिए नौकरानी लक्ष्मी रोजाना वहां आती थी। रविवार सुबह जब लक्ष्मी सफाई करने पहुंची तो उसने घर के अंदर के कई दरवाजों के ताले टूटे हुए देखे। घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उसने तुरंत संतोष शर्मा को चोरी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दंपति रविवार देर शाम फ्लाइट से कानपुर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।\

संतोष शर्मा के अनुसार, चोर घर से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की पूरी सूची अभी पुलिस को नहीं सौंपी गई है, लेकिन अनुमान है कि कुल नुकसान करीब 60 लाख रुपये का है।
घटना की जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। पीड़ित के घर में सुरक्षा के लिए 10 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। हालांकि चोर घर में लगे डीवीआर को भी अपने साथ ले गए, जिससे रिकॉर्डिंग मिटाने की कोशिश की गई। लेकिन एक कैमरे की फुटेज मोबाइल में सुरक्षित रह गई थी। फुटेज में एक संदिग्ध युवक शनिवार रात करीब 2 बजकर 22 मिनट पर पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते संतोष शर्मा के घर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।

जांच में यह भी सामने आया है कि चोरों ने घर में काम करने वाली एक पुरानी नौकरानी के घर में रखे जेवर भी चोरी किए हैं। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। पनकी थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि थाने के इतने करीब चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।