KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्टर मुजम्मिल इब्राहिम इन दिनों अपने एक पुराने इंटरव्यू को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि वह एक समय दीपिका पादुकोण को डेट कर चुके हैं और रिश्ता उन्होंने खत्म किया था। इस बयान के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
कई यूजर्स ने मुजम्मिल पर पब्लिसिटी के लिए दीपिका पादुकोण का नाम इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने के बाद अब एक्टर ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा है कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया।
मुजम्मिल ने कहा- मेरा मकसद दीपिका का अपमान करना नहीं था
मुजम्मिल इब्राहिम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर सफाई दी। उन्होंने लिखा कि जिस इंटरव्यू को लेकर चर्चा हो रही है, वह नया नहीं बल्कि एक साल से ज्यादा पुराना है। उन्होंने कहा कि वायरल हो रही क्लिप्स लंबी बातचीत का सिर्फ एक छोटा हिस्सा हैं, जिसे अलग संदर्भ में दिखाया जा रहा है।
एक्टर ने कहा कि बातचीत के दौरान मौजूद भावनाएं, झिझक और किसी भी विषय को लेकर सम्मान का भाव अक्सर एडिटेड क्लिप्स में दिखाई नहीं देता। उन्होंने साफ किया कि उनका इरादा कभी भी दीपिका पादुकोण के बारे में गलत बोलने या उनका अपमान करने का नहीं था।
दीपिका का नाम लिए बिना रखी अपनी बात
मुजम्मिल ने अपनी पोस्ट में दीपिका पादुकोण का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने कहा कि वह हमेशा अपने अतीत से जुड़े लोगों के बारे में सम्मान के साथ बात करते आए हैं और आगे भी ऐसा ही करेंगे।
https://www.instagram.com/p/DasEk3LjRCn/
उन्होंने लिखा कि हर व्यक्ति की जिंदगी में कुछ पुराने रिश्ते होते हैं और उन्होंने भी अपनी जिंदगी व करियर में आगे बढ़ने के लिए कई साल मेहनत की है। मुजम्मिल ने कहा कि वह चाहते हैं कि बातचीत उनके काम और उपलब्धियों पर केंद्रित रहे।
पुराने इंटरव्यू के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल, एक पुराने इंटरव्यू में मुजम्मिल इब्राहिम ने दावा किया था कि वह और दीपिका पादुकोण रिलेशनशिप में थे। उन्होंने यह भी कहा था कि पहले दीपिका ने उन्हें प्रपोज किया था और बाद में उन्होंने खुद रिश्ता खत्म किया।
उनके इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। अब सफाई देते हुए मुजम्मिल ने कहा है कि उनकी बातों को पूरी तरह से समझे बिना उन्हें गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।