बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी केस में पहली गिरफ्तारी, बीकेटीसी के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल अरेस्ट

Knews Desk- उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ मंदिर में दान और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मामले में पुलिस ने पहली बड़ी कार्रवाई की है। उत्तराखंड पुलिस ने इस मामले में श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

चमोली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि चमोली पुलिस ने रविवार देर रात प्रमोद नौटियाल को उनके आवास से गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें बद्रीनाथ लाया गया, जहां उनसे मामले से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं यह पूरा मामला बद्रीनाथ मंदिर में आने वाले दान और चढ़ावे के प्रबंधन से जुड़ा है। आरोप लगाया गया है कि मंदिर में चढ़ावे की गिनती और उसके हिसाब-किताब में अनियमितताएं हुईं। मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन और पुलिस ने जांच शुरू की। बीकेटीसी की ओर से गठित चार सदस्यीय जांच समिति ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में माना कि दान और चढ़ावे के प्रबंधन में गड़बड़ी के आरोप पहली नजर में सही प्रतीत होते हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए प्रमोद नौटियाल के खिलाफ केस दर्ज किया।

प्रमोद नौटियाल बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कर्मचारी रह चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, वह बीकेटीसी अध्यक्ष के निजी सहायक (Personal Assistant) के पद पर भी काम कर चुके हैं। मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद बीकेटीसी ने उन्हें पहले ही निलंबित कर दिया था। इसके बाद पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने भी अपनी ओर से तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता गढ़वाल मंडल आयुक्त कर रहे हैं। समिति पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट और सुझाव राज्य सरकार को सौंपेगी। सरकार यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मंदिर में दान और चढ़ावे की व्यवस्था में कहां-कहां खामियां रहीं और इसके लिए कौन लोग जिम्मेदार हैं।

सोशल मीडिया से सामने आया था मामला

बद्रीनाथ मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और अनियमितताओं का मामला उस समय चर्चा में आया, जब सोशल मीडिया पर इससे जुड़े आरोप सामने आए। इसके बाद ‘भैरव सेना’ नामक संगठन ने शिकायत दर्ज कराई और मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और प्रारंभिक जांच में कुछ आरोपों को गंभीर पाया गया। इसके बाद यह पहली गिरफ्तारी हुई है।

फिलहाल पुलिस प्रमोद नौटियाल से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बद्रीनाथ मंदिर उत्तराखंड के सबसे प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में चढ़ावे और दान की व्यवस्था में पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों के बाद प्रशासन इस मामले को गंभीरता से जांच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *