दिल्ली-NCR में जहरीली हवा का कहर, 85 दिन बाद AQI सबसे खराब स्तर पर

Knews Desk- राजधानी दिल्ली में मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को दिल्ली की हवा एक बार फिर खराब श्रेणी में पहुंच गई। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 261 दर्ज किया गया, जो पिछले 85 दिनों में सबसे खराब स्तर है। इससे पहले 17 अप्रैल को दिल्ली का AQI 263 रिकॉर्ड किया गया था।

प्रदूषण के साथ-साथ उमस भरी गर्मी ने भी लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन अधिक नमी और उमस के कारण लोगों को यह तापमान करीब 45.7 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी का एहसास करा रहा था।

धूल भरी हवाओं से बढ़ा प्रदूषण

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के अनुसार, दिल्ली-NCR की हवा खराब होने की मुख्य वजह पश्चिमी क्षेत्रों से आने वाली धूल भरी हवाएं हैं। अफगानिस्तान, ईरान और पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में उठी धूल भरी आंधियों का असर उत्तर-पश्चिम भारत तक पहुंचा है।

इन हवाओं के साथ बड़ी मात्रा में धूल के कण दिल्ली के वातावरण में पहुंचे, जिससे हवा में PM10 कणों की मात्रा बढ़ गई। इसके अलावा गंगा के मैदानी इलाकों में चल रही तेज सतही हवाओं ने भी प्रदूषण के स्तर को प्रभावित किया।

अभी लागू नहीं होगा GRAP-1

CAQM ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में बनी रह सकती है। हालांकि, मौजूदा प्रदूषण की स्थिति प्राकृतिक कारणों से बनी है, इसलिए फिलहाल GRAP-1 (ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) के तहत प्रतिबंध लागू नहीं किए जाएंगे। इसके बावजूद दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) को धूल नियंत्रण के उपायों को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

AQI के स्तर को ऐसे समझें

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, AQI का स्तर हवा की गुणवत्ता को दर्शाता है।

  • 0 से 50 — अच्छी हवा
  • 51 से 100 — संतोषजनक
  • 101 से 200 — मध्यम
  • 201 से 300 — खराब
  • 301 से 400 — बहुत खराब
  • 401 से 500 — गंभीर श्रेणी

दिल्ली का AQI 261 होने के कारण हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में तापमान इस तरह दर्ज किया गया—

  • पालम — 36.6 डिग्री सेल्सियस
  • लोधी रोड — 37 डिग्री सेल्सियस
  • रिज — 36 डिग्री सेल्सियस
  • आयानगर — 36.2 डिग्री सेल्सियस

वहीं, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक था। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को भी दिल्ली में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। ऐसे में दिल्लीवासियों को आने वाले दिनों में उमस, गर्मी और खराब हवा की दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *