KNEWS DESK – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान हिंदू आस्था का अपमान किया गया और धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया।
सीएम योगी ने यह बयान गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के बांसस्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया। इस मौके पर उन्होंने करीब 572 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
‘विकास में बाधा डालती है जाति की राजनीति’
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं का कोई विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने विपक्ष पर जाति के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी राजनीति विकास कार्यों में बाधा पैदा करती है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब सपा और कांग्रेस की सरकारें थीं, तब विकास की गति धीमी थी और हिंदू समाज की भावनाओं का सम्मान नहीं किया जाता था।
कांग्रेस पर लगाया आस्था से खिलवाड़ का आरोप
सीएम योगी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने लंबे समय तक हिंदू आस्था को नजरअंदाज किया। उन्होंने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में आमंत्रित किया गया था, तब कांग्रेस की ओर से इसका विरोध किया गया था।
उन्होंने भगवान राम से जुड़े पुराने विवाद का भी जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में भगवान राम और कृष्ण को लेकर आपत्ति जताने वाला हलफनामा दिया था।
सपा पर भी साधा निशाना
समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा का इतिहास राम भक्तों के खून से सना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने देश की विरासत और आस्था का अपमान किया है।
योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकारों के दौरान प्रदेश में दंगे होते थे और धार्मिक आयोजनों पर पाबंदियां लगाई जाती थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार देश की विरासत का सम्मान करने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल सरकार के विकास और सांस्कृतिक कार्यों को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।