बिहार के कटिहार में दुर्गा पूजा कार्यक्रम के दौरान पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। देर रात लोगों को संबोधित करते समय उन्हें चक्कर आने लगा और वह लड़खड़ा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। करीब 15 से 20 मिनट आराम करने के बाद वह कार्यक्रम छोड़कर पूर्णिया रवाना हो गए।
Knews Desk- बिहार के कटिहार जिले में दुर्गा पूजा कार्यक्रम के दौरान पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने से वहां मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई। घटना उस समय हुई, जब वह देर रात पोठिया स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्हें नाट्य मंचन का उद्घाटन करना था।
कार्यक्रम के दौरान पप्पू यादव लोगों को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच उन्हें अचानक चक्कर आने लगा और वह लड़खड़ाने लगे। उनकी स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और कुर्सी पर बैठाया। इसके बाद उन्होंने कुछ देर आराम किया। बताया गया कि करीब 15 से 20 मिनट तक आराम करने के बाद उनकी स्थिति कुछ सामान्य हुई। हालांकि, इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम जारी नहीं रखा और बीच में ही वहां से निकल गए। वह अपनी गाड़ी से पूर्णिया के लिए रवाना हो गए।
घटना के बाद सांसद की तबीयत को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने की वजह के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि उन्हें चक्कर आने के पीछे क्या कारण था।