KNEWS DESK – मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। यहां एक पत्नी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और शव को जमीन में दफना दिया। करीब तीन महीने से लापता 26 वर्षीय विपिन कुमार यादव का कंकाल पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मामला रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के मोहार टोला भगदेवरा गांव का है। पुलिस जांच में सामने आया कि विपिन की हत्या के पीछे उसकी पत्नी आंचल यादव और उसके प्रेमी सुनील कुशवाहा की साजिश थी।
पत्नी से मिलने ससुराल गया था विपिन
जानकारी के मुताबिक, 26 मार्च 2026 को विपिन कुमार यादव अपनी पत्नी आंचल से मिलने उसके मायके रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव गया था। इसके बाद वह अचानक गायब हो गया।
काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने 28 मार्च को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कई हफ्तों तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन जांच के दौरान कुछ ऐसे सबूत हाथ लगे, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया।
कॉल डिटेल से खुला हत्या का राज
पुलिस जांच में पता चला कि आंचल यादव और टीकर गांव निवासी सुनील कुशवाहा के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध थे। शादी के बाद भी दोनों लगातार संपर्क में थे और कई बार फोन पर बातचीत करते थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच हुई बातचीत की कॉल डिटेल रिकॉर्ड मामले की जांच में अहम सबूत साबित हुई।
शराब पार्टी के बाद की गई हत्या
पुलिस के मुताबिक, 25 मार्च को सुनील विपिन के घर पहुंचा था और रात वहीं रुका। अगले दिन वह विपिन को घुमाने के बहाने टीकर गांव ले गया।
आरोप है कि वहां शराब पार्टी के दौरान सुनील और उसके साथी संदीप बहरोलिया ने मिलकर विपिन की हत्या कर दी। इसके बाद शव को पहले कुएं में फेंका गया और बाद में पुलिस की जांच तेज होने पर उसे निकालकर सुनसान जगह पर गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
जमीन खोदने पर मिला कंकाल
सतना पुलिस के अनुसार, गोविंदगढ़ पुलिस ने सुनील कुशवाहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या और शव छिपाने की बात कबूल कर ली।
इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से विपिन का कंकाल और उसके कपड़े बरामद हुए। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी आंचल यादव और प्रेमी सुनील कुशवाहा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।