KNEWS DESK – भोजपुरी इंडस्ट्री के दो बड़े नाम खेसारी लाल यादव और अंजना सिंह इन दिनों एक विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। मामला इतना बढ़ गया है कि दोनों कलाकारों के समर्थक भी सोशल मीडिया पर आमने-सामने आ गए हैं। विवाद की शुरुआत खेसारी के पुराने कास्टिंग काउच वाले बयान पर अंजना सिंह की प्रतिक्रिया से हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से लगातार बयान सामने आ रहे हैं।
खेसारी के बयान पर अंजना ने दी प्रतिक्रिया
कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में खेसारी लाल यादव ने भोजपुरी इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच को लेकर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि कई अभिनेत्रियां इंडस्ट्री में समझौते की बात करती हैं, लेकिन उन्होंने खुद अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर मुकाम हासिल किया है।
खेसारी के इसी बयान पर जब अंजना सिंह से एक पॉडकास्ट में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि खेसारी की बातों का मतलब सही हो सकता है, लेकिन कई बार उनके शब्दों का चयन ऐसा होता है कि सुनने वालों को बात अलग तरह से समझ आती है।
अंजना का यह बयान सामने आने के बाद खेसारी के फैंस नाराज हो गए और सोशल मीडिया पर दोनों कलाकारों के बीच विवाद शुरू हो गया।
अंजना सिंह ने लगाए ट्रोलिंग के आरोप
अंजना सिंह का आरोप है कि पॉडकास्ट के बाद उन्हें लगातार ट्रोल किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर उन्हें गालियां दी जा रही हैं और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं।
https://www.instagram.com/reels/DafTyrvRkaY/
अंजना ने इंस्टाग्राम लाइव के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि उन्होंने सिर्फ खेसारी के बयान को लेकर अपनी राय रखी थी। उनका कहना था कि उन्होंने किसी का अपमान नहीं किया, बल्कि सिर्फ शब्दों और बात रखने के तरीके पर सवाल उठाया था।
खेसारी की टीम के सदस्य पर भी लगाया आरोप
अंजना सिंह ने खेसारी लाल यादव की टीम से जुड़े एक सदस्य अखिलेश कश्यप पर भी आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उन्हें धमकी दी गई है।
https://www.instagram.com/p/DaiGrpRxfTp/
एक लाइव वीडियो में अंजना ने गुस्सा जाहिर करते हुए चप्पल दिखाते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। इसके बाद यह विवाद और ज्यादा चर्चा में आ गया।
खेसारी लाल यादव ने भी दी प्रतिक्रिया
विवाद बढ़ने के बाद खेसारी लाल यादव भी सोशल मीडिया पर लाइव आए। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर अंजना सिंह का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने अपने समर्थकों का धन्यवाद किया और उनका साथ देने के लिए आभार जताया।
वहीं, अंजना सिंह ने इस विवाद के दौरान खेसारी और उनके समर्थकों पर कई आरोप लगाए। उन्होंने शिक्षा को लेकर भी टिप्पणी की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस और तेज हो गई।
सोशल मीडिया पर बंटे फैंस
अब यह विवाद सिर्फ दोनों कलाकारों तक सीमित नहीं रहा है। सोशल मीडिया पर खेसारी लाल यादव और अंजना सिंह के समर्थक अपने-अपने पक्ष में लगातार पोस्ट कर रहे हैं।
फिलहाल भोजपुरी इंडस्ट्री के ये दोनों बड़े सितारे आमने-सामने हैं और आने वाले दिनों में यह विवाद किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।