पुणे में बड़ा हादसा: इमारत गिरने से मलबे में दबे 15 लोगों के फंसे होने की आशंका

महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी इलाके में वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट की तीन मंजिला इमारत ढह गई. हादसे के बाद 14-15 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है. NDRF, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं.

Knews Desk- महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित मोशी इलाके में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया, जब कचरा डिपो के पास स्थित वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट की तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई. हादसे के बाद मलबे में 14 से 15 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया. एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कई कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है.

मोशी कचरा डिपो के पास हुआ हादसा

पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी क्षेत्र में स्थित वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार इमारत के ढहने के बाद भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया, जिसके नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका है.

14 से 15 लोगों के फंसे होने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इमारत की पहली मंजिल पर काम कर रहे करीब 14 से 15 कर्मचारियों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि प्रशासन की ओर से अभी फंसे लोगों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है. बचाव दल मलबे में फंसे लोगों का पता लगाने में जुटे हुए हैं.

भारी बारिश के चलते हुआ हादसा

पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी इलाके में इमारत ढहने की घटना पर पिंपरी-चिंचवड़ के मेयर रवि लांडगे ने बताया, “पूरे शहर में भारी बारिश के कारण जलस्तर काफी बढ़ गया है. इसके कारण जमा हुआ कचरा और मलबा एक ऑफिस की इमारत पर गिर गया है, जिससे कंक्रीट का स्लैब ढह गया. उस समय ऑफिस के 16 कर्मचारी वहां खाना खा रहे थे; दो लोग बाहर निकलने में कामयाब रहे, अन्य को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है… किसी की मौत नहीं हुई है. सभी सुरक्षित हैं. फायर ब्रिगेड, NDRF की टीम, पुलिस और स्वास्थ्य व पर्यावरण विभाग उन्हें बाहर निकालने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं.

NDRF, दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और NDRF की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं. बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है. मलबे तक पहुंचने के लिए स्लैब कटिंग और अन्य तकनीकी उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *