Knews Desk- महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। मोशी क्षेत्र में भारी बारिश के बीच एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कचरे के विशाल ढेर के खिसककर इमारत पर गिरने से यह हादसा हुआ। घटना के समय इमारत के अंदर मौजूद 15 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में जुटी हुई है। पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने बताया कि यह इमारत पुराने कचरे के बड़े ढेर के पास बनी हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कचरे का ढेर कमजोर होकर खिसक गया और उसका दबाव इमारत पर पड़ा, जिससे भवन पूरी तरह ढह गया।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे का शिकार हुई इमारत एक निजी कंपनी का प्रशासनिक कार्यालय था। यह कंपनी नगर निगम की ओर से उस क्षेत्र में कचरा प्रोसेसिंग और निपटान का काम करती थी। आशंका है कि हादसे के समय कार्यालय में करीब 16 कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से कई मलबे में फंसे हो सकते हैं। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। अधिकारी मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल हादसे में हुए नुकसान और हताहतों की वास्तविक संख्या की जानकारी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मुंबई, ठाणे, नासिक और पुणे समेत कई क्षेत्रों में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के कारण राज्य में जलभराव, भूस्खलन और अन्य दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने और जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।