Knews Desk- हिंदी सिनेमा की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं। हालांकि वह राजनीति, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और डांस प्रस्तुतियों के जरिए लगातार सक्रिय रहती हैं। अब उन्होंने फिल्मों में वापसी को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में हेमा मालिनी ने कहा कि अब फिल्मों में काम करना पहले जितना आसान नहीं रहा, लेकिन अगर कोई अच्छा और दमदार किरदार मिलता है तो वह इस पर जरूर विचार करेंगी।इन दिनों हेमा मालिनी अपने एक खास म्यूजिकल चैरिटी शो की तैयारियों में व्यस्त हैं। यह कार्यक्रम उनके फिल्मी करियर के 60 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। इस शो के जरिए वह अपने लंबे सिनेमाई सफर का जश्न मनाने के साथ-साथ अभिनेता धर्मेंद्र की यादों को भी सम्मान देना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी उन्हें जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।
इसी दौरान एक इंटरव्यू में जब उनसे फिल्मों में वापसी को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेहद सादगी से जवाब दिया। हेमा मालिनी ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में काफी काम किया है और अब लगातार फिल्मों में काम करना थोड़ा मुश्किल लगता है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर कोई ऐसा किरदार मिलता है जो उन्हें पसंद आए और उनके व्यक्तित्व के अनुरूप हो, तो वह उस पर जरूर विचार करेंगी।हेमा मालिनी ने अपने दौर को हिंदी सिनेमा का ‘गोल्डन पीरियड’ बताया। उन्होंने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें 70 और 80 के दशक में काम करने का मौका मिला। उस समय उन्हें इंडस्ट्री के कई महान कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करने का अवसर मिला और यादगार फिल्मों तथा शानदार गीतों का हिस्सा बनने का सौभाग्य भी मिला।
उन्होंने कहा कि आज के दौर की फिल्मों की तुलना पुराने समय से करना सही नहीं होगा। उनके मुताबिक, हर दौर की अपनी अलग पहचान और खूबसूरती होती है। उन्होंने कहा कि वह यह नहीं मानतीं कि पहले का सिनेमा बेहतर था और आज का खराब है। आज भी अच्छी फिल्में बन रही हैं, लेकिन उस दौर की बात ही अलग थी। गोल्डन पीरियड बार-बार नहीं आता और वह खुद को उस दौर का हिस्सा बनने पर गर्व महसूस करती हैं।हेमा मालिनी आखिरी बार साल 2020 में रिलीज हुई फिल्म ‘शिमला मिर्च’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता राजकुमार राव और रकुल प्रीत सिंह भी दिखाई दिए थे। इसके बाद से उन्होंने किसी नई फिल्म में काम नहीं किया, लेकिन सार्वजनिक कार्यक्रमों, सामाजिक गतिविधियों और राजनीतिक जिम्मेदारियों में वह लगातार सक्रिय रही हैं।
आज भी हेमा मालिनी की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। उनके चाहने वाले उन्हें एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में उनका यह बयान कि अच्छा रोल मिलने पर वह वापसी के बारे में सोच सकती हैं, फैंस के लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आया है।फिलहाल हेमा मालिनी अपने विशेष म्यूजिकल शो की तैयारियों में व्यस्त हैं। वहीं, उनके प्रशंसकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भविष्य में कोई निर्देशक उन्हें ऐसा दमदार किरदार ऑफर करेगा, जो ‘ड्रीम गर्ल’ को एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर लौटने के लिए प्रेरित कर सके। अगर ऐसा होता है तो निश्चित तौर पर यह उनके फैंस के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं होगा।