ग्रेटर नोएडा: गाड़ी चलाते वक्त महिला से हुई गलती, ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबने से सोसायटी गेट पर खड़े 5 बच्चे घायल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर कार चलाना सीख रही एक महिला से कथित तौर पर ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया, जिससे कार स्कूल बस का इंतजार कर रहे पांच बच्चों को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित हो गई. सभी बच्चे मामूली रूप से घायल हुए हैं.

Knews Desk- ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे ने मौके पर मौजूद लोगों को दहला दिया। जानकारी के मुताबिक, कार चलाना सीख रही एक महिला ने नियंत्रण खो दिया और स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद सभी घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सोसायटी के निवासियों के अनुसार, महिला ने कार चलाते समय ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों की ओर बढ़ गई. हादसे में पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

ड्राइविंग सीख रही थी महिला

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर हुए हादसे में कई सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए कार लेकर निकली थी। इसी दौरान वह कार चलाने की प्रैक्टिस कर रही थी। सोसायटी के गेट से बाहर निकलते वक्त अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और आरोप है कि महिला ने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया।

स्कूटी से टकराने के बाद बच्चों को मारी टक्कर

तेज रफ्तार कार पहले सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी से जा भिड़ी। इसके बाद भी कार की रफ्तार कम नहीं हुई और वह आगे बढ़ते हुए स्कूल बस का इंतजार कर रहे पांच बच्चों से टकरा गई। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

लोगों ने दौड़कर बचाई बच्चों की जान

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर सोसायटी के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने कार के नीचे और आसपास फंसे बच्चों को बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी। बताया जा रहा है कि बच्चों को मामूली चोटें आई थीं।

हादसे के बाद महिला के जाने का आरोप

सोसायटी के कुछ निवासियों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद महिला अपनी कार लेकर मौके से चली गई। घटना के बाद बच्चों के अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने सोसायटी के बाहर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुबह के समय यहां बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल बस का इंतजार करते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।

मोबाइल इस्तेमाल करने का भी आरोप, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि हादसे के वक्त महिला मोबाइल फोन पर ध्यान दे रही थी। हालांकि, पुलिस की ओर से इस बात की अभी पुष्टि नहीं की गई है। जांच के बाद ही हादसे के असली कारणों का पता चल सकेगा।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सके।

बिसरख थाना प्रभारी मुनेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सोसायटी के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल टाइम के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत की जाए, स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *