‘रामायण’ में पहली बार ऐसे मिलेंगे राम-सीता, ट्रेलर से पहले सामने आया सबसे खास सीन

KNEWS DESK – नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। रणबीर कपूर और साई पल्लवी इस फिल्म में भगवान राम और माता सीता की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़े हर छोटे-बड़े अपडेट को लेकर लगातार बज बना हुआ है, और फैंस इसके ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

इसी बीच फिल्म के एक अहम सीन को लेकर नई जानकारी सामने आई है, जिसने उत्सुकता और बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स और वायरल सोशल मीडिया पोस्ट्स के मुताबिक, फिल्म में भगवान राम और माता सीता की पहली मुलाकात को बेहद भावनात्मक और भव्य तरीके से दिखाया जाएगा। दावा किया जा रहा है कि यह सीन मिथिला के एक शिव मंदिर में फिल्माया गया है, जहां दोनों पात्र पहली बार एक-दूसरे से मिलते हैं।

वायरल पोस्ट के अनुसार, इस सीन में बैकग्राउंड में एक खास संस्कृत म्यूजिक ट्रैक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसे संगीतकार एआर रहमान और हंस जिमर ने मिलकर तैयार किया है। बताया जा रहा है कि यह पूरा दृश्य बिना किसी आधुनिक संवाद के केवल भावनाओं और संगीत के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे इसका प्रभाव और गहरा हो सके। इस सीन में भगवान राम और माता सीता के बीच एक शिवलिंग मौजूद रहेगा, जो इस मुलाकात को और भी प्रतीकात्मक बनाएगा।

हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि मेकर्स की ओर से नहीं की गई है, लेकिन इस तरह की चर्चाओं ने फिल्म को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। फैंस सोशल मीडिया पर लगातार इस सीन और फिल्म के विजुअल ट्रीट को लेकर अपनी उम्मीदें साझा कर रहे हैं।

फिल्म के ट्रेलर को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक रिलीज डेट सामने नहीं आई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे जुलाई के मध्य में किसी बड़े इवेंट के दौरान लॉन्च किया जा सकता है। चर्चा यह भी है कि मेकर्स इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भव्य तरीके से पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए टीम अमेरिका में सैन डिएगो कॉमिक-कॉन (SDCC) जैसे बड़े मंच पर फिल्म का प्रेजेंटेशन कर सकती है, जहां रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और निर्देशक नितेश तिवारी मौजूद रह सकते हैं।

लगभग 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी परियोजना मानी जा रही है। इसका संगीत हंस जिमर और एआर रहमान जैसे दिग्गज तैयार कर रहे हैं, जिससे इसके स्तर को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

‘रामायण’ का पहला भाग दिवाली 2026 में रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। फिलहाल, दर्शकों की नजरें इसके ट्रेलर और आधिकारिक अपडेट्स पर टिकी हुई हैं, जो इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की झलक और साफ कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *