NATO समिट से पहले रूस का यूक्रेन पर बैलिस्टिक हमला, मिसाइल-ड्रोन से यूक्रेन मे तबाही, 8 की मौत

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि सोमवार सुबह तक जारी इस हमले में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ-साथ ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया. शहर भर में धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं. आम नागरिक मेट्रो स्टेशनों में शरण लेते रहे.

Knews Desk- नाटो शिखर सम्मेलन से ठीक एक दिन पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा हमला किया है। इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और पूरे शहर में दहशत फैल गई। अधिकारियों के अनुसार इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई है और 34 से अधिक लोग घायल हुए हैं। रातभर चले इस हमले के बाद बचाव और राहत कार्य लगातार जारी हैं।

रिहायशी इलाकों को बनाया गया निशाना

अधिकारियों के मुताबिक रूस ने सोमवार रात कीव पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे। हमलों का मुख्य निशाना रिहायशी इलाके रहे, जहां अपार्टमेंट ब्लॉक्स और बहुमंजिला इमारतें बुरी तरह प्रभावित हुईं। कीव के उत्तर-पश्चिम में स्थित बुचा जिले में भी एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

इमारतें ढहीं, मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका

कीव क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि कई मिसाइलों और ड्रोनों ने रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया। पोडिल्स्की जिले में एक इमारत आंशिक रूप से ढह गई, जबकि डार्नित्सिया जिले में कई भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रशासन को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।

बचाव अभियान और मेट्रो में लोगों ने ली शरण

कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि बचाव दल रातभर प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे रहे। एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया था और नागरिकों से शेल्टर में रहने की अपील की गई। धमाकों की आवाजों से शहर दहल उठा और बड़ी संख्या में लोगों ने मेट्रो स्टेशनों में शरण ली।

नाटो समिट और जेलेंस्की-ट्रंप मुलाकात की संभावना

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब नाटो शिखर सम्मेलन मंगलवार से शुरू होने जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की तुर्की के अंकारा में युद्ध को लेकर चर्चा कर सकते हैं। इससे पहले भी पिछले सप्ताह कीव पर हुए हमले में 31 लोगों की मौत हुई थी।

जेलेंस्की की पश्चिमी देशों से मदद की अपील

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने हाल ही में पश्चिमी देशों से यूक्रेन की हवाई सुरक्षा मजबूत करने की अपील दोहराई है। उन्होंने विशेष रूप से पैट्रियट मिसाइल सिस्टम की मांग की है। उनका कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा न मिलने पर रूस को युद्ध को लंबे समय तक खींचने का मौका मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *