ENG W vs AUS W Final: इतिहास, रिकॉर्ड और करोड़ों की प्राइज मनी… 10 बड़ी बातें

Knews Desk- महिला टी20 क्रिकेट की दो सबसे सफल टीमों के बीच एक बार फिर विश्व विजेता बनने की जंग होने जा रही है। रविवार (5 जुलाई) को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेला जाएगा, जहां मेजबान इंग्लैंड और छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगी। खास बात यह है कि दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच हारे बिना फाइनल तक पहुंची हैं, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक माना जा रहा है।यह महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का 10वां फाइनल है। एक ओर ऑस्ट्रेलिया सातवीं बार खिताब जीतने की कोशिश करेगा, जबकि इंग्लैंड 2009 के बाद पहली बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगा।

हेड-टू-हेड में कांटे की टक्कर

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 45 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया ने 23 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड को 21 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला हमेशा से बेहद प्रतिस्पर्धी रहा है।

घरेलू मैदान पर इंग्लैंड का शानदार रिकॉर्ड

इंग्लैंड का अपनी सरजमीं पर महिला टी20 वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। 2009 से लेकर मौजूदा टूर्नामेंट तक टीम ने घरेलू मैदान पर खेले सभी 11 मैच जीते हैं। यही रिकॉर्ड इंग्लैंड का आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेगा।

फाइनल खेलने का सबसे ज्यादा अनुभव

महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया सबसे ज्यादा आठवीं बार फाइनल खेलने उतरेगा। वहीं इंग्लैंड पांचवीं बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाने में सफल रहा है। बड़े मैचों का अनुभव दोनों टीमों के पास भरपूर है।

इतिहास किसके साथ?

ऑस्ट्रेलिया अगर यह मुकाबला जीतता है तो वह सातवीं बार महिला टी20 विश्व चैंपियन बनेगा। दूसरी ओर इंग्लैंड के पास 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का मौका है। इसके अलावा इंग्लैंड ने अब तक अपने घर में आयोजित महिला विश्व कप (वनडे और टी20) में हमेशा खिताब जीता है, जिससे मेजबान टीम का मनोबल ऊंचा होगा।

फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा

महिला टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें अब तक सात बार भिड़ी हैं, जिनमें पांच मुकाबले ऑस्ट्रेलिया और दो इंग्लैंड ने जीते हैं। खास बात यह है कि वर्ल्ड कप फाइनल में दोनों टीमें तीन बार आमने-सामने आई हैं और हर बार ऑस्ट्रेलिया ने बाजी मारी है।

करोड़ों की प्राइज मनी दांव पर

आईसीसी ने इस बार विजेता टीम के लिए 2.34 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 22 करोड़ रुपये) की इनामी राशि तय की है। वहीं रनर-अप टीम को भी 1.17 मिलियन डॉलर (करीब 11 करोड़ रुपये) का पुरस्कार मिलेगा।

दोनों टीमों का अजेय सफर

ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप चरण में दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान और भारत को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को मात देकर फाइनल में जगह बनाई।

वहीं इंग्लैंड ने श्रीलंका, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड को हराया। सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को शिकस्त देकर मेजबान टीम ने खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया।

कब और कहां देखें मुकाबला?

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे शुरू होगा। टॉस शाम 7:30 बजे होगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें लॉर्ड्स के इस ऐतिहासिक मैदान पर होंगी, जहां महिला क्रिकेट को नया विश्व चैंपियन मिलने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *