Knews Desk- भारत सरकार ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा को इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार सामग्री (CSEAM) से जुड़े कथित पेड विज्ञापनों और कंटेंट को लेकर नोटिस जारी किया है। सूत्रों के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने मेटा से सात दिनों के भीतर विस्तृत जवाब मांगा है।

मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि इंस्टाग्राम पर मौजूद ऐसे सभी विज्ञापन और कंटेंट, जो CSEAM तक पहुंच को बढ़ावा देते हैं या उसे आसान बनाते हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए और भविष्य में ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी रखी जाए। इंस्टाग्राम भारत सहित दुनिया के सबसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स में शामिल है। खासकर युवाओं के बीच इसकी व्यापक पहुंच है और बड़ी संख्या में कंपनियां अपने उत्पादों और सेवाओं के प्रचार के लिए इस प्लेटफॉर्म पर पेड विज्ञापन चलाती हैं।
हाल के दिनों में मेटा को भारत सरकार की ओर से यह दूसरा बड़ा नोटिस मिला है। इससे पहले सरकार ने व्हाट्सएप पर यूजरनेम फीचर की टेस्टिंग को लेकर भी कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा था। उस मामले में भी मेटा से विस्तृत जवाब तलब किया गया था। सरकार का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे किसी भी कंटेंट या विज्ञापन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जो कानून का उल्लंघन करता हो या बच्चों के शोषण से जुड़ी सामग्री के प्रसार में मदद करता हो।