नोएडा का 5 साल का ‘Google Boy’: अव्युक्त सिंह ने बनाया 6वां वर्ल्ड रिकॉर्ड, गिनीज बुक में दर्ज नाम

Knews Desk- नोएडा सेक्टर-17 के रहने वाले महज 5 साल 6 महीने के अव्युक्त सिंह ने एक बार फिर अपनी असाधारण प्रतिभा से देश का नाम रोशन कर दिया है। इस नन्हे बालक ने 1 मिनट 46 सेकेंड में अलग-अलग डायनासोरों की पहचान करते हुए उनके वैज्ञानिक नाम बिना रुके सही-सही बताए और नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

यह उपलब्धि 8 फरवरी 2026 को एक आधिकारिक प्रयास के दौरान दर्ज की गई, जबकि 23 जून 2026 को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने इसकी पुष्टि करते हुए अव्युक्त के नाम प्रमाण पत्र जारी किया। इस प्रदर्शन में उन्होंने 41 डायनासोर पहचानने के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अव्युक्त की यह उपलब्धि कोई पहली नहीं है। इतनी छोटी उम्र में यह उनका छठा विश्व रिकॉर्ड है, जो उनकी अद्भुत स्मरण शक्ति और तेज दिमाग का प्रमाण है। स्क्रीन पर दिखाए गए विभिन्न डायनासोरों को पहचानने और उनके कठिन वैज्ञानिक नाम बोलने की उनकी क्षमता ने सभी को हैरान कर दिया।

उनकी मां निधि शर्मा का कहना है कि अव्युक्त में बचपन से ही सीखने और याद रखने की असाधारण क्षमता रही है। सही मार्गदर्शन, पारिवारिक सहयोग और निरंतर अभ्यास ने उनकी प्रतिभा को और निखारा है।

अव्युक्त की यह सफलता न केवल नोएडा बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन गई है। इतनी कम उम्र में इतने बड़े रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि उम्र प्रतिभा की सीमा नहीं होती। उनकी उपलब्धि आज देशभर के बच्चों के लिए प्रेरणा बन चुकी है, जो यह संदेश देती है कि सही दिशा और मेहनत से कोई भी बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *