UP होमगार्ड भर्ती का शेड्यूल जारी, जानिए कब होगा फिजिकल टेस्ट और क्या हैं जरूरी मानक

Knews Desk- उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने होमगार्ड भर्ती 2025 के तहत डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और फिजिकल टेस्ट (PST/PET) का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, यह प्रक्रिया 13 जुलाई 2026 से 6 अगस्त 2026 तक चलेगी, जबकि 7 अगस्त 2026 को रिजर्व डे के रूप में रखा गया है। ऐसे में लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब अगले चरण की तैयारी तेज कर देनी चाहिए।भर्ती बोर्ड की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और शारीरिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 6 जुलाई 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थी अपने रजिस्ट्रेशन नंबर या आवेदन संख्या और जन्मतिथि की मदद से लॉगिन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके बिना किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।इस भर्ती अभियान के माध्यम से उत्तर प्रदेश में 41,424 होमगार्ड पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। अप्रैल 2026 में आयोजित लिखित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों को अब दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक दक्षता परीक्षण से गुजरना होगा। चयन प्रक्रिया के सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।

पुरुष उम्मीदवारों के लिए शारीरिक मानक

भर्ती बोर्ड ने पुरुष अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक मापदंड भी निर्धारित किए हैं। सामान्य, ओबीसी और एससी वर्ग के उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर होनी चाहिए, जबकि एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह 160 सेंटीमीटर तय की गई है।सीने की माप की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और एससी वर्ग के अभ्यर्थियों का सीना बिना फुलाए 79 सेंटीमीटर और फुलाने पर 84 सेंटीमीटर होना चाहिए। वहीं एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह माप 77 सेंटीमीटर और फुलाने पर 82 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) के तहत पुरुष उम्मीदवारों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ अधिकतम 28 मिनट में पूरी करनी होगी।

महिला उम्मीदवारों के लिए तय हैं ये मानक

महिला उम्मीदवारों के लिए भी भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट शारीरिक मानक तय किए हैं। सामान्य, ओबीसी और एससी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर होगी, जबकि एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए यह 147 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।इसके अलावा सभी महिला उम्मीदवारों का न्यूनतम वजन 40 किलोग्राम होना अनिवार्य है। फिजिकल टेस्ट में उन्हें 2.4 किलोमीटर की दौड़ 16 मिनट के भीतर पूरी करनी होगी।

समय रहते पूरी करें तैयारी

फिजिकल टेस्ट में सफल होने के लिए उम्मीदवारों को अभी से नियमित दौड़, फिटनेस और शारीरिक अभ्यास पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए सभी जरूरी प्रमाणपत्र, पहचान पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज और अन्य आवश्यक कागजात पहले से तैयार रखें, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती राज्य की बड़ी भर्तियों में से एक मानी जा रही है। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए जरूरी है कि वे भर्ती बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, समय पर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और निर्धारित तिथि व समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *