Vaibhav Sooryavanshi Debut: वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल 99 दिन की उम्र में किया डेब्यू, सचिन का महारिकॉर्ड ध्वस्त

महज 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आखिरकार टीम इंडिया की जर्सी में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर लिया है। मैनचेस्टर में खेले जा रहे दूसरे टी20 मुकाबले में उन्हें पहली बार भारतीय टीम की ओर से डेब्यू कैप सौंपी गई। इसके साथ ही उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है और इस मामले में उन्होंने दिग्गज सचिन तेंदुलकर का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया हैं

Knews Desk- आखिरकार लंबे इंतजार के बाद वैभव सूर्यवंशी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू कर लिया है। मैनचेस्टर में खेले जा रहे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने उन्हें डेब्यू कैप सौंपी और इस तरह वह इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बन गए। इसी के साथ उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। सचिन तेंदुलकर ने 16 साल और 205 दिन की उम्र में डेब्यू किया था, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने केवल 15 साल और 99 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।

सबसे कम उम्र का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब भी कायम
हालांकि दुनिया में सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट डेब्यू करने का रिकॉर्ड अभी भी पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर हसन रज़ा के नाम दर्ज है। उन्होंने 14 साल और 227 दिन की उम्र में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद वह 14 साल और 223 दिन की उम्र में वनडे क्रिकेट भी खेले। हालांकि उनकी उम्र को लेकर हमेशा विवाद भी रहा है। वहीं नॉन फुल मेंबर देशों की बात करें तो कुवैत के Meet Bhavsar ने 14 साल और 211 दिन की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था।

संजू सैमसन की जगह मिला मौका
वैभव सूर्यवंशी को मैनचेस्टर टी20 मैच में संजू सैमसन की जगह टीम में शामिल किया गया। संजू सैमसन आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों में खास प्रदर्शन नहीं कर सके थे और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में भी उनका बल्ला शांत रहा। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट ने बड़ा फैसला लेते हुए वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह दी।

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन से मिली पहचान
वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र, सिर्फ 13 साल में आईपीएल में डेब्यू कर सबको चौंका दिया था। इसके बाद दो सीजन में ही उन्होंने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान बना ली। आईपीएल 2026 सीजन में उन्होंने सबसे ज्यादा 776 रन बनाए और इस दौरान उनके बल्ले से रिकॉर्ड 72 छक्के भी निकले। इसी प्रदर्शन की बदौलत उन्हें टीम इंडिया में मौका मिला और उन्होंने अब इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू कर इतिहास रच दिया है।

टी20 क्रिकेट में शानदार आंकड़े
वैभव सूर्यवंशी का टी20 रिकॉर्ड भी बेहद प्रभावशाली रहा है। महज 15 साल की उम्र में वह टी20 क्रिकेट में 220 के स्ट्राइक रेट से 1477 रन बना चुके हैं। उनके नाम अब तक 4 शतक और 6 अर्धशतक दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 134 छक्के और 116 चौके लगाए हैं। उनका टी20 औसत 44.75 का है, जो बताता है कि यह फॉर्मेट उनके खेल के काफी अनुकूल है।

One thought on “Vaibhav Sooryavanshi Debut: वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल 99 दिन की उम्र में किया डेब्यू, सचिन का महारिकॉर्ड ध्वस्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *