सोनम की जमानत रद्द करने सुप्रीम कोर्ट पहुंची मेघालय सरकार, सॉलिसिटर जनरल बोले— जमानत पर रही तो फरार होने की आशंका

Knews Desk- सरकार की तरफ से तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी कि हत्या जैसे गंभीर मामले में आरोपी महिला को केवल इसलिए जमानत मिल गई क्योंकि कोर्ट ने माना कि गिरफ्तारी के समय उसे गिरफ्तारी के कारण नहीं बताए गए थे।

हनीमून के दौरान पति की हत्या की आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत को रद्द करने की मांग के साथ मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. राज्य सरकार की ओर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जमानत बरकरार रहने की सूरत में सोनम के फरार होने की आशंका जाहिर करते हुए कल ही तत्काल सुनवाई की मांग की.  सुप्रीम कोर्ट ने कल सुनवाई का भरोसा दिया. सोनम रघुवंशी को शिलॉन्ग की निचली अदालत (एडिशनल डिप्टी कमिश्नर,ज्यूडिशियल) ने अप्रैल में जमानत दे दी थी.  29 जून को मेघालय हाई कोर्ट ने इस जमानत को बरकरार रखा था.

मेघालय HC से क्यों मिली सोनम को जमानत

मेघालय हाइ कोर्ट से सोनम को जमानत मिलने की वजह यह नहीं थी कि अदालत ने उसके खिलाफ मामला कमजोर माना, बल्कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस द्वारा कानूनी प्रक्रिया का पालन न किया जाना रहा।हाई कोर्ट ने माना कि गिरफ्तारी के समय संविधान के अनुच्छेद 22(1) और BNSS की धारा 47 के तहत सोनम को उसकी गिरफ्तारी के आधार स्पष्ट और लिखित रूप में नहीं बताए गए थे।इसी प्रक्रियात्मक खामी को देखते हुए अदालत ने जमानत का फैसला दिया।

पुलिस ने लापरवाही बरतने का आरोप

मेघालय हाई कोर्ट ने अपने आदेश में माना कि पुलिस की ओर से गंभीर लापरवाही बरती गई थी। कोर्ट ने कहा कि 9 जून 2025 को सोनम को गिरफ्तारी के कारण बताने के लिए जो दस्तावेज सौंपा गया, उसे बिना उचित जांच-पड़ताल और पर्याप्त विचार के तैयार किया गया था। उसमें ऐसे आरोप भी जोड़ दिए गए थे, जिनका इस मामले से कोई संबंध नहीं था। दस्तावेज में यह भी उल्लेख किया गया था कि सोनम पर भारतीय सशस्त्र बलों से फरार होने, विदेश में अपराध करने और सजा पूरी होने के बाद अपना पता न बताने जैसे आरोप हैं, जबकि इनका वर्तमान हत्या मामले से कोई जुड़ाव नहीं था।

कैसे हुई थी राजा रघुवंशी की हत्या

यह मामला 29 वर्षीय इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या से जुड़ा है. मई 2025 में राजा अपनी पत्नी सोनम रघुवंशी के साथ हनीमून मनाने मेघालय गए थे. 23 मई को दोनों एक होमस्टे से चेक-आउट करने के बाद लापता हो गए. कुछ समय बाद राजा का शव सोहरा (चेरापूंजी) के पास एक गहरी खाई में मिला. वहीं सोनम कुछ दिनों बाद उत्तर प्रदेश में मिली.

जांच के बाद मेघालय पुलिस ने 700 से अधिक पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. पुलिस का आरोप है कि राजा की हत्या पहले से बनाई गई साजिश का हिस्सा थी.सोनम ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर इस हत्या की योजना बनाई थी.



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *