वॉशिंग मशीन में डालने से लेकर टॉयलेट का पानी फेंकने तक… बेंगलुरु आईटी कंपनी के डे-केयर में मासूमों के साथ हैवानियत की सारी हदें पार

KNEWS DESK – कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक आईटी कंपनी परिसर में संचालित डे-केयर सेंटर में दो साल तक के मासूम बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।

बच्चों पर अत्याचार के गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, यह मामला बेंगलुरु के एचएएल थाना क्षेत्र स्थित ब्रुकफील्ड इलाके का है, जहां एक प्रमुख आईटी कंपनी के अंदर डे-केयर सेंटर चलाया जा रहा था। यहां कामकाजी कर्मचारी अपने छोटे बच्चों को देखभाल के लिए छोड़ते थे।

आरोप है कि डे-केयर में तैनात कुछ आया (मेड) बच्चों की सही देखभाल करने के बजाय उनके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करती थीं। वीडियो सामने आने के बाद इन आरोपों ने गंभीर रूप ले लिया है।

वॉशिंग मशीन में डालने और टॉयलेट के पानी से प्रताड़ना के आरोप

वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि बच्चों के रोने या शरारत करने पर उनके साथ क्रूरता की गई। कुछ दृश्यों में कथित तौर पर एक बच्चे को वॉशिंग मशीन के अंदर डालते हुए देखा गया है।

इसके अलावा यह भी आरोप है कि बच्चों के मुंह पर टॉयलेट के जेट स्प्रे से पानी डाला गया और उन्हें शौचालय के अंदर बंद कर डराया-धमकाया गया। इन घटनाओं के सामने आने के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश फैल गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन को शिकायत मिली, जिसके आधार पर एचएएल थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने इस मामले में पांच आया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच जारी है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा और डे-केयर सेंटर की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों में भारी नाराजगी है और वे इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *