Knews Desk- बॉबी देओल बाबा निराला बनकर एक बार फिर ओटीटी की दुनिया में वापसी करने वाले हैं. उनकी वेब सीरीज ‘एक बदनाम…आश्रम’ का सीजन 4 जल्द ही फ्लोर पर जाने वाला है. प्रकाश झा की इस सीरीज के अब तक तीन सीजन आ चुके हैं और तीनों ही कामयाब रहे हैं. अब प्रकाश झा अगस्त महीने के बीच में ‘आश्रम 4’ की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं.
पिछले तीन सीजन की तरह ही इस बार भी सीरीज की मुख्य कास्ट वही रहेगी. यानी बॉबी देओल, अदिती पोहंकर और चंदन रॉय सान्याल चौथे सीजन में भी दिखाई देंगे.‘आश्रम 4‘ वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां इसका तीसरा सीजन खत्म हुआ था. हालांकि ‘आश्रम’ का चौथा सीजन फिनाले सीजन होगा या इसकी कहानी और आगे बढ़ेगी, इस बारे में वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट में जानकारी नहीं दी गई है.
बाबा निराला के किरदार मे फिर दिखेंगे बॉबी देओल
आश्रम के क्रिएटर और डायरेक्टर प्रकाश झा ही हैं. इसका पहला सीजन साल 2020 में आया और आते ही ये वायरल हो गया था. हर किसी की जुबान पर बाबा निराला का ही नाम था. बॉबी देओल ने सीरीज में निगेटिव किरदार निभाया है. वो ऐसे बाबा बने हैं, जो हर तरह के गलत काम करता है. बाबा निराला की राजनीतिक गलियारों में पैठ है, वो भ्रष्टाचार और अनैकित कृत्यों में लिप्त रहता है. सीरीज में चंदन रॉय सान्याल ने भोपा स्वामी यानी बाबा के करीबी का रोल निभाया है. वहीं अदिती पोहंकर पम्मी के रोल में नजर आई हैं.
पिछले तीनों सीज़न से मिली जबरदस्त लोकप्रियता
‘आश्रम’ का पहला सीजन 28 अगस्त, 2020 मे आया था। उसी साल नवंबर, 2020 में इसके दूसरे सीजन ने दस्तक दी, जबकि तीसरे सीजन काे जून, 2022 में टेलीकास्ट किया गया था। इसी के साथ चौथे सीजन की नींव रखी गई थी। सीरीज की कहानी बाबा निराला के इर्द-गिर्द घूमती है। वह खुद को धर्मगुरू बताकर अपने अनुयायियों का विश्वास जीतता है, लेकिन गुप्त रूप से एक ठग के रूप में काम करता है।
2026 के अंत तक हो सकती हैं रिलीज
‘आश्रम 4’ की रिलीज डेट अभी तक मेकर्स द्वारा आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं की गई है. बॉबी देओल स्टारर इस बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज की शूटिंग के शेड्यूल में देरी और पोस्ट-प्रोडक्शन के काम के कारण, इसे 2026 के अंत तक रिलीज किए जाने की उम्मीद है. आश्रम सीज़न 1 के बाद से ही बॉबी देओल के करियर को पर लग गए हैं. अब हर दूसरी तीसरी फिल्म में बॉबी देओल नज़र आ जाते हैं. हिंदी से लेकर साउथ तक बॉबी का सिक्का चल रहा है. वो इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘ऐल्फा’ की रिलीज़ का इंतज़ार कर रहे हैं. इसमें बॉबी के अलावा आलिया भट्ट, शरवरी वाघ और अनिल कपूर भी दिखाई देंगे.