अयोध्या पहुंचे केजरीवाल, राम मंदिर में दर्शन कर की प्रार्थना, चंदा घोटाले पर सख्त कार्रवाई की मांग

Knews Desk- आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-शांति और न्याय व्यवस्था को लेकर प्रार्थना की। साथ ही केजरीवाल ने कथित राम मंदिर चंदा घोटाले के दोषियों को लेकर भी कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिन्होंने भी “महापाप” किया है, भगवान राम उन्हें कठोर से कठोर दंड दें।

केजरीवाल का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित घोटाले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस मामले में पारदर्शी जांच होनी चाहिए और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उनके साथ AAP सांसद संजय सिंह और कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ नारेबाजी भी की।

वहीं, इस पूरे मामले पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। राज्य के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है और पहले ही FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा ने भी विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार पूरी तरह पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और जांच पहले ही शुरू हो चुकी है। उनके अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट ने स्वयं ही FIR दर्ज कराई थी और SIT का गठन किया गया है। अब तक इस मामले में 8 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।

दिनेश शर्मा ने यह भी कहा कि विपक्ष बेवजह इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि कार्रवाई पूरी प्रक्रिया के तहत की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।

गौरतलब है कि 25 जून को अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा गबन मामले में FIR दर्ज की गई थी, जिसके बाद जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच केजरीवाल के बयान और अयोध्या दौरे ने राजनीतिक माहौल को और अधिक गरमा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *