Knews Desk, वेनेज़ुएला बुधवार देर शाम दो बेहद शक्तिशाली भूकंपों से हिल गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहले 7.2 तीव्रता का झटका आया और महज 39 सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। दोनों भूकंपों का केंद्र राजधानी काराकास से पश्चिम में मोरोन (Morón) और युमारे (Yumare) क्षेत्र के आसपास था।
काराकास में इमारतें ढहीं, लोगों में मची अफरा-तफरी
भूकंप के झटके इतने तेज थे कि राजधानी काराकास समेत कई राज्यों में लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। अल्तामीरा (Altamira) इलाके में कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। कुछ बहुमंजिला इमारतें आंशिक रूप से ढह गईं, जबकि कई भवनों में बड़ी दरारें पड़ गईं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में धूल के गुबार और सड़कों पर भागते लोग दिखाई दे रहे हैं।
एयरपोर्ट को भी भारी नुकसान
देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल सिमोन बोलिवार इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Maiquetía Airport) को भी नुकसान पहुंचा है। भूकंप के दौरान टर्मिनल में अफरा-तफरी मच गई और कई हिस्सों को एहतियातन बंद कर दिया गया। सरकार ने एयरपोर्ट संचालन पर अस्थायी रोक लगा दी है।
आपातकाल की घोषणा
अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है। सरकार ने राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। गृहमंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने बताया कि कई राज्यों में इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा है तथा लोगों से क्षतिग्रस्त भवनों से दूर रहने की अपील की गई है।
https://x.com/Worldsource24/status/2069927276095943000
सुनामी का खतरा और अलर्ट
भूकंप के बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने प्यूर्टो रिको, यूएस वर्जिन आइलैंड्स और ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स के लिए चेतावनी जारी की थी। इसके अलावा अरूबा, कुराकाओ और बोनेयर जैसे द्वीपों पर भी ऊंची लहरों का खतरा जताया गया। बाद में कुछ क्षेत्रों के लिए चेतावनी कम या समाप्त की गई, लेकिन तटीय इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है।
कितनी हो सकती है तबाही?
USGS ने इस भूकंप के बाद “रेड अलर्ट” जारी किया है, जो बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आशंका को दर्शाता है। एजेंसी के शुरुआती आकलन में हजारों लोगों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक सरकार ने मृतकों या घायलों का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
लोगों ने बताया भयावह मंजर
स्थानीय लोगों के मुताबिक झटके इतने तेज थे कि घरों के अंदर रखा सामान गिर गया, दीवारों में दरारें पड़ गईं और कई जगह बिजली तथा इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित हुईं। कई लोगों ने इसे अपने जीवन का सबसे भयावह भूकंप बताया।