KNEWS DESK – टीवी के मशहूर ‘शक्तिमान’ मुकेश खन्ना और कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका विवाद नहीं बल्कि एक साथ किया गया ऐड है। दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक मोबाइल फोन ब्रांड को प्रमोट करते नजर आ रहे हैं।
खास बात यह है कि मुकेश खन्ना और समय रैना के बीच पहले काफी तीखी बयानबाज़ी देखी गई थी। मुकेश खन्ना ने कई बार समय रैना के कॉमेडी स्टाइल और कंटेंट पर सवाल उठाते हुए उन्हें अश्लील तक कह दिया था और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की थी। ऐसे में दोनों का एक साथ स्क्रीन पर आना लोगों के लिए हैरानी का कारण बन गया है।
वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि समय रैना छत पर बैठे होते हैं, तभी शक्तिमान के रूप में मुकेश खन्ना की एंट्री होती है। इसके बाद दोनों के बीच हल्के-फुल्के अंदाज़ में बातचीत दिखाई जाती है, जिसमें पुराने विवादों को भी मजाकिया अंदाज में जोड़ा गया है।
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स इसे प्रोफेशनल कोलैब बता रहे हैं, तो कुछ लोग मुकेश खन्ना के पुराने बयानों का हवाला देते हुए सवाल उठा रहे हैं। कुछ यूजर्स ने तंज कसते हुए लिखा कि पहले आलोचना और अब साथ में काम यह सब “पैसे की ताकत” का असर है।
इस ऐड ने एक बार फिर इंटरनेट पर चर्चा तेज कर दी है और दोनों हस्तियों को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।