मुंबई में बड़ी राहत, तीन दिन बाद खत्म हुई BEST कर्मचारियों की हड़ताल

Knews Desk- मुंबई के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। BEST (बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट) कर्मचारियों की तीन दिन से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है, जिसके बाद शहर की बस सेवाएं एक बार फिर सामान्य रूप से बहाल होने जा रही हैं।

यह फैसला महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद लिया गया। इस बैठक में कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद BEST कर्मचारी कृति समिति ने हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया। सूत्रों के अनुसार, सह्याद्री अतिथिगृह में हुई इस बैठक में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, विधायक सचिन अहिर, मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे, BEST की महाप्रबंधक सोनिया सेठी और कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में कर्मचारियों की वेतन, भत्तों और अन्य सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सबसे अहम फैसला यह लिया गया कि BEST के नियमित कर्मचारियों को हर महीने 3,000 रुपये की अस्थायी वेतन वृद्धि दी जाएगी। वहीं वेटलिस्ट कर्मचारियों को 2,000 रुपये प्रति माह की अंतरिम राहत देने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा लंबे समय से लंबित ग्रेच्युटी भुगतान को इसी वित्तीय वर्ष में जारी करने का आश्वासन दिया गया है।

सरकार ने बैठक में यह भी निर्णय लिया कि मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर सुधार किए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि BEST बस सेवा को तुरंत पूरी क्षमता के साथ बहाल किया जाए, ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके साथ ही आने वाले तीन वर्षों में मुंबई की सड़कों पर 5,000 नई बसें उतारने की योजना भी बनाई गई है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से वित्तीय प्रावधान किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि यह कदम मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

हड़ताल खत्म होने के बाद मुंबईकरों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि पिछले तीन दिनों से बस सेवाएं बाधित होने के कारण आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही सभी रूटों पर बस संचालन सामान्य हो जाएगा और शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली BEST सेवा फिर से पटरी पर लौट आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *