दलेर मेहंदी के वायरल वीडियो को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन पर शराब पीकर स्टेज पर आने और ठीक से गाना नहीं गा पाने का आरोप लगाया था। अब अभिनेता राजपाल यादव ने मंत्री के रवैये की आलोचना करते हुए दलेर मेहंदी का समर्थन किया है।
Knews Desk – दिग्गज सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों विवादों में हैं। उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित कुंजापुरी मेले का एक वीडियो पिछले दिनों वायरल हुआ था, जिसमें कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल स्टेज पर दलेर मेहंदी को फटकार लगाते नजर आए। मंत्री ने आरोप लगाया था कि दलेर मेहंदी शराब पीकर कार्यक्रम में पहुंचे और ठीक से गाना नहीं गा पा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा था कि धार्मिक आयोजन में शराब पीकर परफॉर्म करना ठीक नहीं है।
इस मामले में अब अभिनेता राजपाल यादव ने दलेर मेहंदी का समर्थन किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर मंत्री के व्यवहार की आलोचना की। राजपाल यादव ने कहा कि एक सम्मानित मंत्री का हजारों लोगों के सामने दशकों से अपनी आवाज के जरिए लोगों का मनोरंजन करने वाले दिग्गज सिंगर के साथ इस तरह का व्यवहार करना अशोभनीय और निंदनीय है। उन्होंने मंत्री के मारपीट से जुड़े उदाहरणों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसा व्यवहार उन्हें शोभा नहीं देता।
राजपाल यादव ने अपने वीडियो में कहा, “कला का विद्यार्थी होने के नाते आप लोगों से एक बात शेयर करना चाहता हूं। जिस तरीके से एक सम्मानित मंत्री हजारों लोगों के सामने एक ऐसे लेजेंड सिंगर, जिसकी दशकों से आवाज ने सबकी देश-दुनिया में सेवा की है, ऐसे अशोभनीय, निंदनीय शब्दों से जो व्यवहार कर रहे थे और मारपीटाई के उदाहरण दे रहे थे। माननीय मंत्री जी, आपको ये शोभा नहीं देता।”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसा लग रहा था, जैसे कला को ही खरीद लिया गया हो, जबकि कला कभी खरीदी नहीं जा सकती। राजपाल यादव ने कहा कि कला एक जीवन है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए। दलेर मेहंदी के स्वास्थ्य को लेकर उन्होंने बताया कि उन्होंने फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में उनके साथ काम किया है और उनकी तबीयत खराब चल रही है। राजपाल के मुताबिक, उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
राजपाल यादव ने दलेर मेहंदी के शराब नहीं पीने का दावा करते हुए कहा, “पद आते हैं जाते हैं, लेकिन कद हमेशा रहता है।” उन्होंने कहा कि कला का कद हजारों वर्षों से है और सभी को इसका सम्मान करना चाहिए।
इससे पहले दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने भी उनका समर्थन करते हुए दावा किया था कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते और उनकी तबीयत खराब है। कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी इस मुद्दे पर बात की थी, जबकि अभिनेता अनुपम खेर भी दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा जारी है।
दरअसल, नरेंद्रनगर के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी को परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल स्टेज पर पहुंचे और सिंगर को टोकते हुए उन पर शराब पीकर गाने का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा था कि उन्हें कार्यक्रम में लोगों का मनोरंजन करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह लोगों को निराश कर रहे हैं। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से ही विवाद बढ़ गया है।