ओमान की खाड़ी में अमेरिकी हमले में मारे गए दो भारतीय नाविकों के शव भारत लाए गए, परिवारों को मिली राहत

Knews Desk- ओमान की खाड़ी में मर्चेंट टैंकर MT सेटेबेलो पर हुए कथित अमेरिकी हमले में मारे गए दो भारतीय नाविकों के शव भारत वापस लाए गए हैं। मृतकों की पहचान आदित्य शर्मा और शिवानंद चौरसिया के रूप में हुई है। शवों के भारत पहुंचने के साथ ही परिवारों की लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता खत्म हो गई है, हालांकि इस घटना ने एक बार फिर समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच नागरिक जहाजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि दोनों नाविकों के पार्थिव शरीर को भारत भेजा गया है और इस कठिन समय में उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं। यह घटना 10 जून को उस समय हुई जब पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर MT सेटेबेलो पर ओमान के सोहार तट से करीब 30 नॉटिकल मील दूर हमला हुआ था।

जहाज पर कुल 24 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। घटना के बाद ओमान मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने अभियान चलाया। इस दौरान 21 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन भारतीयों की मौत हो गई थी। मृतकों में शामिल आदित्य शर्मा हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के रहने वाले थे और डेक कैडेट के रूप में काम कर रहे थे। उनके परिवार ने अंतिम संस्कार के लिए शव भारत लाने की लगातार अपील की थी। बताया जा रहा है कि आदित्य का जहाज पर कार्यकाल सिर्फ एक महीने के लिए बढ़ाया गया था और वह जल्द घर लौटने वाले थे।

शिवानंद चौरसिया के परिवार को भी उनके पार्थिव शरीर की वापसी से बड़ी राहत मिली है, हालांकि दोनों परिवारों में गहरा शोक है। इस घटना ने न सिर्फ परिवारों को प्रभावित किया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता भी बढ़ा दी है। सरकार और संबंधित एजेंसियां अब पूरे मामले की जांच और परिस्थितियों की समीक्षा में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *