कानपुरः फोन पर लाइव था प्रेमी, इधर पत्नी ने पति के पेट में घोंप दिया चाकू, 11 दिन बाद तोड़ा दम

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया के ‘मायाजाल’ और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर ने हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया. फीलखाना थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी के कहने पर पति पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिसके बाद इलाज के दौरान अस्पताल में पीड़ित ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने मृतका के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है.

लव मैरिज के 8 साल बाद खौफनाक मोड़

जानकारी के अनुसार, फीलखाना के बालाजी धाम निवासी मनीष गुप्ता (45), जो किराना बाजार में ब्रोकर का काम करते थे, ने करीब 8 साल पहले निहारिका कश्यप से प्रेम विवाह किया था. दोनों का एक 6 साल का बेटा भी है. शुरुआती सालों में सब ठीक रहा, लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया के जरिए निहारिका की दोस्ती जम्मू के रहने वाले एक युवक से हो गई. धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और पिछले तीन सालों से दोनों का अफेयर चल रहा था.

वीडियो कॉल पर चल रहा था मर्डर का ‘लाइव’ ड्रामा!

मनीष अपनी पत्नी के इस अवैध संबंध का लगातार विरोध कर रहा था, जिसे लेकर घर में अक्सर कलह होती थी. बीती 5 जून की दोपहर को निहारिका अपने जम्मू वाले प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी, तभी मनीष ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद दोनों में तीखी बहस शुरू हो गई. विवाद इस कदर बढ़ा कि निहारिका ने रसोई से चाकू लाकर मनीष के पेट पर कई वार कर दिए. मृतक के पिता रामकिशोर गुप्ता ने एक चौंकाने वाला दावा किया है. उन्होंने बताया कि हैलट अस्पताल में जब मनीष को होश आया, तो उसने बताया था कि हमले के वक्त उसकी पत्नी का प्रेमी फोन पर लाइन पर था. मनीष की चीखें सुनने के बाद भी वह युवक निहारिका को लगातार उकसा रहा था और कह रहा था कि “इसे हमेशा के लिए खत्म कर दो.”

11 दिनों तक जिंदगी से जंग, आखिर में टूटी सांसें

घटना के तुरंत बाद परिजन लहूलुहान मनीष को अस्पताल ले गए, जहां से उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया. करीब 11 दिनों तक वेंटिलेटर और डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद आखिरकार मंगलवार सुबह मनीष ने दम तोड़ दिया. पति की मौत के बाद अब यह मामला जानलेवा हमले से बदलकर सीधे हत्या में तब्दील हो गया है. फीलखाना थाना पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी पत्नी निहारिका के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, मामले की गहराई से जांच की जा रही है. महिला के कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं और जम्मू निवासी उस कथित प्रेमी की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिसने हत्या के लिए उकसाया था. जल्द ही आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *