दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे अनुपम खेर, बोले- सार्वजनिक मंच पर अपमानित करना गलत

knews desk – बॉलीवुड के मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी हाल ही में उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद को लेकर चर्चा में आ गए हैं। इस मामले में अब दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने दलेर मेहंदी का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर सिंगर के साथ हुए व्यवहार पर दुख जताया और कहा कि किसी कलाकार को सार्वजनिक मंच पर इस तरह अपमानित करना सही नहीं है।

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर दलेर मेहंदी से नाराजगी जताते हुए नजर आए थे। इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री से दलेर मेहंदी के समर्थन में प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब अनुपम खेर ने भी इस मामले पर अपनी बात रखी है।

अनुपम खेर ने वीडियो में कहा कि वह दलेर मेहंदी को पिछले 25-30 सालों से जानते हैं। उनके मुताबिक, दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं और वह बेहतरीन इंसानों में से एक हैं। अनुपम खेर ने यह भी कहा कि पिछले दो-तीन सालों से दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं है। ऐसे में सार्वजनिक रूप से उन पर इस तरह के आरोप लगाना और उन्हें अपमानित करना उचित नहीं है।

अनुपम खेर ने दलेर मेहंदी से माफी मांगते हुए कहा कि लोगों को इस मुद्दे पर बात करनी चाहिए। उन्होंने सिंगर की तारीफ करते हुए कहा, “तुसी ग्रेट है गियो, तुसी बेस्ट है गियो। गॉड ब्लेस यू, यू आर द बेस्ट।”

https://www.instagram.com/reels/Deux6k_uk6G/

अनुपम खेर ने अपने वीडियो के कैप्शन में भी इस घटना पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि एक-दो दिन पहले उन्होंने वह वीडियो देखा, जिसमें एक मंत्री मंच पर दलेर मेहंदी से जिस तरह बात कर रहे थे, उसे देखकर उन्हें बहुत दुख हुआ। उन्होंने कहा कि मंत्री को दलेर मेहंदी की प्रस्तुति से शिकायत या नाराजगी हो सकती है, लेकिन सबके सामने मंच पर जाकर उन्हें इस तरह अपमानित करने के बजाय अलग बैठकर सम्मान के साथ भी अपनी बात कही जा सकती थी।

अनुपम खेर ने आगे लिखा कि एक कलाकार अपनी मेहनत से जो पहचान और सम्मान हासिल करता है, उसके पीछे पूरी जिंदगी लगी होती है। दलेर मेहंदी ने पिछले 30-35 सालों से अपने गानों के जरिए लोगों को खुशी दी है और उनके योगदान की कद्र होनी चाहिए। उन्होंने दलेर मेहंदी को नेकदिल और प्यार बांटने वाला इंसान बताते हुए कहा कि जहां तक वह उन्हें जानते हैं, सिंगर शराब भी नहीं पीते हैं। अनुपम खेर ने इस घटना पर अफसोस जताते हुए दलेर मेहंदी के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *