‘अब मिलेगा मेरे बेटे को न्याय…..’ श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी पर शिवा की मां का पहला बयान

लखनऊ के कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। शिवा की मां रंजना शर्मा ने गिरफ्तारी का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस, STF और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।

Knews Desk– लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा मामले में 20 अक्टूबर को लखनऊ पुलिस, उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और नागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनकी गिरफ्तारी के बाद शिवा की मां रंजना शर्मा ने इसे न्याय की दिशा में पहला कदम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और उनके बेटे को न्याय मिलेगा। रंजना शर्मा ने कहा कि वह पुलिस, प्रशासन, STF और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आभारी हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे को परेशान किए जाने से जुड़े वीडियो भी मौजूद हैं और उन्हें भरोसा है कि न्याय जरूर मिलेगा।

शिवा शर्मा की मौत 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक अपार्टमेंट की बालकनी से गिरने के बाद हुई थी। उनकी मां की शिकायत पर श्रद्धा दुबे और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए श्रद्धा कथित तौर पर बुर्का पहनकर अपनी पहचान छिपा रही थी। वह कम निगरानी वाले होटलों में ठहरती थी और मोबाइल समेत संचार साधनों का सीमित इस्तेमाल कर रही थी।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश के मुताबिक, जांच में श्रद्धा के नेपाल जाने और फिर भारत लौटने की जानकारी भी सामने आई है। अधिकारियों को संदेह है कि ऐसा जांच एजेंसियों को गुमराह करने के लिए किया गया होगा। अब तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाने की तैयारी है। यहां उनसे पूछताछ की जाएगी और मामले की जांच आगे बढ़ेगी। शिवा की मां ने उम्मीद जताई है कि कानूनी प्रक्रिया के जरिए उन्हें न्याय मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *