NEET UG Re-Exam 2026: फर्जी पेपर लीक पर शिकंजा, NTA ने लॉन्च किया शिकायत पोर्टल

Knews Desk– नीट यूजी री-एग्जाम 2026 से पहले परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। National Testing Agency ने संदिग्ध गतिविधियों, फर्जी पेपर लीक के दावों और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों की रिपोर्टिंग के लिए एक नया ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया है। यह सुविधा उम्मीदवारों और आम जनता के लिए उपलब्ध कराई गई है ताकि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जा सके।

एजेंसी के अनुसार, उम्मीदवार और नागरिक अब MyGov पोर्टल के माध्यम से लॉगिन करके किसी भी संदिग्ध गतिविधि की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह सुविधा 14 जून से शुरू होकर 30 जून 2026 तक सक्रिय रहेगी। इस दौरान परीक्षार्थी सोशल मीडिया पोस्ट, वेबसाइट, या किसी व्यक्ति द्वारा किए जा रहे फर्जी दावों की रिपोर्ट कर सकते हैं।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नीट यूजी 2026 के प्रश्न पत्र या आंसर की लीक होने के दावे किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह से फर्जी हैं। एजेंसी ने छात्रों को ऐसे किसी भी झांसे में न आने की सलाह दी है, जिसमें पैसे लेकर रिजल्ट दिलाने या पेपर उपलब्ध कराने जैसे वादे किए जाते हैं।

रिपोर्टिंग सिस्टम के तहत तीन प्रमुख श्रेणियां तय की गई हैं। इनमें ऐसी वेबसाइट्स या अकाउंट शामिल हैं जो प्रश्न पत्र या आंसर-की तक पहुंच का दावा करते हैं, ऐसे व्यक्ति जो गोपनीय परीक्षा सामग्री होने का दावा करते हैं, और परीक्षा से जुड़े अधिकारियों या कर्मचारियों की क्लोनिंग या धोखाधड़ी से जुड़े मामले।

यह पूरी व्यवस्था सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियों को रोकना और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। एनटीए ने दोहराया है कि परीक्षा से पहले किसी भी व्यक्ति के पास प्रश्न पत्र तक पहुंच नहीं होती। गौरतलब है कि NEET UG Re-Exam 2026 का आयोजन 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा। इस परीक्षा में 22 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल होंगे, जो पहले रद्द की गई परीक्षा के लिए पंजीकृत थे।

एनटीए के अनुसार, एडमिट कार्ड डाउनलोडिंग में भी तेज़ी देखी गई है और पहले 24 घंटे में ही 10 लाख से अधिक उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं। एजेंसी ने कहा है कि सभी उम्मीदवारों को समय पर एडमिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिए तकनीकी टीमें लगातार सर्वर पर नजर रख रही हैं। एनटीए ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें, ताकि उनकी परीक्षा तैयारी और भविष्य प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *